Political: हंगामे पर BJP के पांच विधायक निलंबित, विधानसभा से बाहर निकाला

प्रारब्ध न्यूज़ ब्यूरो, कोलकाता 

पश्चिम बंगाल (west bengal) विधानसभा में विशेष सत्र में अवैध प्रवासियों पर आए प्रस्ताव पर चर्चा होनी थी। इसी दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) यानी बीजेपी (BJP) विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। सदन में जमकर हंगामा होने लगा। सदन में अराजकता का फैलाने के आरोप पर विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) ने भाजपा के पांच विधायकों को सदन से निलंबित कर दिया। हंगामा कर रहे भाजपा विधायकों को मार्शलों ने घसीट कर बाहर निकाल दिया।


विधानसभा सत्र के दौरान गुरुवार को बंगाली प्रवासियों पर हो रहे अत्याचारों पर तृणमूल कांग्रेस यानी टीएमसी (TMC) सरकार एक प्रस्ताव चर्चा के लिए लेकर आई। सदन में उस पर चर्चा हो रही थी। 

मुख्यमंत्री यानी सीएम (CM) ममता बनर्जी भाषण देने जा रहीं थीं, तभी नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के निलंबन पर भाजपा विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी विधायकों की नारेबाजी का सत्ता पक्ष टीएमसी के विधायकों ने विरोध शुरू कर दिया। सदन का माहौल पूरी तरह से बिगड़ गया। 


इसी बीच, विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने अव्यवस्था फैलाने के आरोप में भाजपा विधायक शंकर घोष को सस्पेंड कर दिया। इसके अलावा अग्निमित्रा पाल, मिहिर गोस्वामी, अशोक डिंडा और बंकिम घोष को भी सदन से निलंबित कर दिया।


मार्शलों ने घसीटकर निकाला


विधानसभा अध्यक्ष ने भाजपा विधायक शंकर घोष को सस्पेंड कर दिया, लेकिन उन्होंने सदन से बाहर जाने से मना कर दिया। इस पर अध्यक्ष ने मार्शलों को बुलाकर विधायक को सदन से बाहर निकालने का आदेश दिया। विधायक घोष तब भी नहीं माने। इस पर मार्शलों ने भाजपा विधायक को घसीटते हुए सदन से बाहर निकाला। इस दौरान भाजपा विधायकों और मार्शलों की बीच जमकर झड़प भी हुई।


BJP विधायक की तबीयत खराब

धक्का-मुक्की की वजह भाजपा विधायक शंकर घोष की तबीयत खराब हो गई। सदन में एंबुलेंस बुलाकर उन्हें हॉस्पिटल भेजा गया।


ममता ने भाजपा को बताया बांग्ला विरोधी


सदन में भारी शोरगुल के बीच ममता बनर्जी के भाषण के दौरान भाजपा पर हमलावर रहीं। ममता ने कहा कि भाजपा बांग्ला भाषा व बंगाल से नफरत करती है। भाजपा को उन्होंने बांग्ला व देश विरोधी करार दिया। ममता ने भाजपा को चोर, डकैतों का दल तक कह डाला। कहा, भाजपा सबसे बड़ा चोर व डकैतों का दल है। देश भर में भाजपा अत्याचार कर रही है।


शुभेंदु ने भी सरकार पर साधा निशाना


विधानसभा में हुए हंगामे पर बीजेपी के पांच विधायकों को निलंबित करने पर नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकार ने ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। शुभेंदु ने एक्स प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए कहा कि आज पश्चिम बंगाल विधानसभा में ममता और उनके सहयोगी प्रशासन द्वारा लोकतंत्र की हत्या कर दी गई।


तीन दिन चलना था विशेष सत्र


पश्चिम बंगाल विधानसभा का विशेष सत्र तीन दिन के लिए बुलाया गया था। यह 1 सितंबर को शुरू हुआ था। 3 सितंबर को करम पूजा के कारण राजकीय अवकाश होने की वजह से विधानसभा बंद रहा। गुरुवार को सत्र का आखिरी दिन है।

Post a Comment

0 Comments