Bihar politics crisis : नीतीश कुमार के पाला बदलने के बीच पटना के डीएम समेत कई आईएएस अफसरों के तबादले

 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गंभीर चिंतन में, साथ में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव। सौ. इंटरनेट मीडिया 

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, पटना


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पाला बदलने की उड़ रही खबरों के चलते राज्य की राजनीति चार दिनों से भीषण ठंड में भी गरमाई हुई है। इसके चलते महागठबंधन के नेताओं के समक्ष ऊहापोह की स्थिति है, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मीडिया के सामने आकर सफाई दे चुके हैं। ऐसे में जनता दल यूनाइटेड व राष्टीय जनता दल के राजनेता और कार्यकर्ता असमंजस में अनर्गल बयान भी दे रहे हैं। वहीं, गणतंत्र दिवस के दिन बिहार में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादले ने राजनैतिक उठापटक को और हवा दे दी है। हालांकि दोनों दलों के वरिष्ठ राजनेता इसे भाजपा की फूट डालो राजनीति करार दे रहे हैं।

 

बिहार में 26 जनवरी को अवकाश के दिन कई आईएएस अधिकारियों का अचानक किए तबादले ने इस हवा को और हवा दे दी। इसमें राज्य की राजधानी पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह को जीविका मिशन का मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें विशेष सचिव मुख्यमंत्री का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इसके साथ ही डॉ. चंद्रशेखर कई अन्य विभागों का भी प्रभार दिया गया है। अब डॉ. चंद्रशेखर सिंह की जगह पटना नगर निगम के पूर्व नगर आयुक्त कपिल अशोक को पटना का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इसी तरह भागलपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सिंह को वहां से हटाते हुए उन्हें मुजफ्फरपुर का जिलाधिकारी बना दिया गया है। इसी तरह मुख्यमंत्री के आप्त सचिव रहे मकसूद आलम को वहां से हटा कर गोपालगंज जिले की कमान सौंपते हुए जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, गोपालगंज के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी को भागलपुर का नया जिलाधिकारी बना दिया गया है। इसी तरह वित्त विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी को वहां से हटाते हुए उन्हें ग्रामीण विकास कार्य विभाग का प्रधान सचिव बना दिया गया है। इसी तरह गृह विभाग के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे सेंथिल कुमार की भी जिम्मेदारी में बदलाव किया गया है। उन्हें योजना एवं विकास विभाग का प्रधान सचिव बना दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments