UP Assembly Election : जनता का हुजूम देखकर लग रहा सपा की होगी ऐतिहासिक जीत

0

हर महीने युवाओं को बाइक के लिए एक लीटर पेट्रोल और आटो चालकों को मुफ्त मिलेगी छह किलो सीएनजी 


22 लाख युवाओं को रोजगार व सपा सरकार बनते ही सरकारी विभागों में खाली 11 लाख पदों पर भर्ती


जोश देखकर सपा मुखिया मुस्कुराए, इशारे से कहा- चिंता न करो युवा जोश सरकार को साफ करने को उत्साहित


महाराजपुर रहनस मोड़ स्थित मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते सपा मुखिया अखिलेश यादव।


राज कृष्ण पांडेय, कानपुर



जिले की महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा के दौरान जनता का हुजूम देखकर समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उत्साहित दिखाई पड़े। उन्होंने कहा कि युवाओं का हुजूम देखकर लग रहा है कि कानपुर में सपा की ऐतिहासिक जीत होने जा रही है। पहले चरण के मतदान के बाद भाजपाई ठंडे पड़ गए हैं। दूसरे चरण के बाद वह सुन्न हो गए हैं। अब तीसरे चरण के मतदान के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शून्य हो जाएगी। 

मंच पर सपा प्रत्याशियों का हाथ उठाकर विजयी बनाने की अपील करते अखिलेश यादव।



महाराजपुर रहनस मोड़ स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल मुख्यालय के सामने मैदान में मंगलवार को अखिलेश यादव भीड़ देखकर उत्साहित नजर आए। मंच पर पहुंचते ही हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। बिना समय गंवाए अखिलेश यादव मंच पर आते भाजपा पर बरसने लगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गर्मी निकालने की बात कर रहे थे, लेकिन दो चरणों के मतदान के बाद भाजपाई ठंडे होकर सुन्न पड़ गए। अब तीसरे चरण के मतदान के बाद ये शून्य पर नजर आएंगे।

महाराजपुर रहनस मोड़ स्थित मैदान में उमड़ा जनसैलाब।



महाराजपुर में सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा का प्रिय जानवर न जाने कितनों की जान ले चुका है। साथ ही किसानों की खेती बर्बाद कर रहे हैं। भाजपा का छोटा नेता छोटा झूठ, बड़ा नेता बड़ा झूठ और सबसे बड़ा नेता सबसे बड़ा झूठ बोल रहा है। भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन सरकार फसलों की उचित कीमत तक किसानों को नहीं दिला पाई। रात-रात भर जागकर किसानों को अन्ना जानवरों से खेती बचानी पड़ रही है। 


कार्यकर्ताओं ने अखिलेश को पहनाया चांदी का मुकुट।


सपा मुखिया अखिलेश यादव ने तंज कहते हुए कहा था कि हवाई चप्पल पहनने वाले हवाई जहाज पर चलेंगे, लेकिन डीजल-पेट्रोल की महंगाई से गाड़ी और बाइक तक नहीं चला पा रहे हैं। मतदाताओं को रिझाने के लिए सपा मुखिया ने हर महीने एक लीटर पेट्रोल युवकों को बाइक चलाने के लिए व छह किलो सीएनसी आटो चालकों को देने का ऐलान किया। डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार व मंहगाई दोगुनी हो गई है। जनता से सरकार ने जो रोजगार के दावे किए थे वह भी हवा-हवाई ही निकले हैं। जब तक प्रदेश में ठोको नीति चलेगी तब तक न तो कोई उद्योग लगेगा न ही प्रदेश में कोई कारोबारी आएगा।



पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा सरकार बनते ही 22 लाख नौजवानों को रोजगार मिलेगा। प्रदेश में सरकारी विभागों में खाली 11 लाख पद भरे जाने की बात कहते हुए युवाओं की दुखती रग पर हाथ रख दिया। युवा शक्ति भी यह सुनते ही अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाने लगी। उन्होंने कहा कि धुआं उड़ाने वाले धुएं में चले जाएंगे। सपाइयों से कहा कि इस बार के चुनाव में गर्मी निकालने वालों की भाप निकालनी है। इनको धुआं-धुआं कर देना है।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top