International News : यूक्रेन पर हमला : UN रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास, भारत वोटिंग से रहा दूर

0

यूनाइटेड नेशंस की बैठक में अमेरिका ने कहा- पुतिन पर बैन लगाया जाएगा



एजेंसी, मास्को/कीव


यूक्रेन पर रूस के हमले शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी हैं। यूक्रेन की राजधानी कीव में दिनभर धमाके होते रहे। यूक्रेन पर हमले को लेकर आज यूनाइटेड नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल यानी United Nations Security Council (UNSC) में हुई बैठक में रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास हो गया। निंदा प्रस्ताव के पक्ष में 11 और विपक्ष में 1 वोट पड़ा है। भारत, चीन और UAE ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया।



UN की बैठक में अमेरिका ने साफ कर दिया है कि वो पुतिन पर प्रतिबंध लगाएगा। वहीं, ब्रिटेन ने कहा- लोगों को बचाना हमारी प्राथमिकता है, रूसी टैंक आम लोगों को कुचल रहे हैं। इसके अलावा मैक्सिको और ब्राजील ने भी रूस की निंदा करते हुए हमले रोकने को कहा है। भारत ने सभी पक्षों से डिप्लोमैटिक तरीके से मामला सुलझाने की अपील की है।




रूसी हमले के जवाब में यूक्रेन की सेना भी डटकर मुकाबला कर रही है। इस बीच पश्चिमी देशों ने चेतावनी दी है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के खिलाफ 'फादर ऑफ ऑल बॉम्‍ब' इस्तेमाल करने के लिए तैयार हैं। इस बम से 44 टन TNT की एनर्जी निकलती है। जो पल भर में बड़े से बड़े इलाके को तबाह कर देता।



जंग के बीच, पहली बार रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने देश के नाम संबोधन दिया। कहा- हमारी स्ट्रैटजी बिल्कुल साफ है और इरादे भी। हम यूक्रेन पर कब्जा नहीं करना चाहते। इसलिए यूक्रेन की फौज को चाहिए कि वो फौरन सरेंडर करे। यूक्रेन के तमाम लोगों को वहां की सरकार ने बंधक बना लिया है। वोल्दोमिर जेलेंस्की की सरकार ड्रग एडिक्ट और नाजियों का गिरोह है। यूक्रेन की फौज को वहां की सरकार का तख्तापलट करके सत्ता अपने हाथ में ले लेनी चाहिए।




पुतिन ने शुक्रवार देर रात यूएन सिक्योरिटी काउंसिल के परमानेंट मेंबर्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग की। शनिवार तड़के रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पर वोटिंग होनी है। अमेरिका को उम्मीद है कि ज्यादातर सदस्य रूस के खिलाफ वोटिंग करेंगे।



बाइडेन और बेनेट से अपील


यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने शुक्रवार देर रात अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से बातचीत की। जेलेंस्की ने रूस के खिलाफ सख्त प्रतिबंध लगाने की अपील की। जेलेंस्की ने इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्टाली बेनेट से भी बातचीत की। जेलेंस्की ने बेनेट से रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थता की अपील की।


यूक्रेन के राष्ट्रपति का वीडियो



रूस का प्रोपेगंडा मीडिया दो दिन से अफवाह फैला रहा है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की हार के डर से देश छोड़कर भाग गए हैं। इसके जवाब में जेलेंस्की ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें वो स्थानीय लोगों के साथ नजर आ रहे हैं। इसमें कहा- मैं यूक्रेन की हिफाजत के लिए अपने लोगों के साथ आखिरी सांस तक यहीं मौजूद रहूंगा। वहीं, शुक्रवार को यूक्रेन के मिलिट्री रिक्रूटमेंट ऑफिस में भर्ती शुरू हो गई है। लोग सेना में भर्ती होने के लिए पहुंचने लगे हैं। आम नागरिक अपने-अपने जरूरी दस्तावेज सेना मुख्यालय में जमा कराने आने लगे हैं।


शुक्रवार को यूक्रेन के मिलिट्री रिक्रूटमेंट ऑफिस में आम नागरिक अपने जरूरी दस्तावेज जमा कराने पहुंचे। फोटो सौजन्य एजेंसी।



अब बातचीत के लिए तैयार रूस



रूस सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा है कि उनकी सरकार डिप्लोमैट्स को बातचीत के लिए बेलारूस की राजधानी मिंस्क भेज सकती है। इस बारे में रूस की तरफ से लिखित बयान जारी किया गया है। इसके पहले उसने यूक्रेनी सेना के सरेंडर की शर्त रखी थी।


रोमानिया के शिप पर हमला


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्लैक सी में रूस ने रोमानिया के एक शिप पर मिसाइल हमला किया। इसमें आग लग गई है। ये बेहद अहम खबर है। दरअसल, रोमानिया नाटो का मेंबर है और नाटो अब तक रूस के खिलाफ जंग में इसलिए नहीं कूदा, क्योंकि उसका कहना है कि यूक्रेन नाटो का मेंबर नहीं है। इसलिए, हम उसकी सीधी सैन्य मदद नहीं कर सकते। इसका मतलब यह है कि अब अमेरिका भी इस जंग में कूद सकता है, क्योंकि उसने साफ कहा था कि अगर किसी नाटो मेंबर पर हमला होता है तो वो कार्रवाई करने में वक्त नहीं लगाएगा।



पुतिन और जिनपिंग की बातचीत



रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने शुक्रवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से फोन पर बातचीत की। गुरुवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की थी। इसके अलावा वो फ्रांस के राष्ट्रपति से भी बातचीत कर चुके हैं। दूसरी तरफ, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने पुतिन को बातचीत का न्योता भेजा है। हालांकि, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव पहले ही साफ कर चुके हैं कि बातचीत तभी हो सकती है जब यूक्रेन सरेंडर कर दे। 


रूस को भारत से उम्मीद



प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार रात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से फोन पर बात की थी। इसके बाद रूस की तरफ से शुक्रवार को बयान आया। इसमें कहा गया- हमें उम्मीद है कि UN सिक्योरिटी काउंसिल की मीटिंग में भारत हमारा समर्थन करेगा। यहां अगर कोई रिजोल्यूशन जारी होता है तो भारत से समर्थन और सहयोग की उम्मीद करते हैं।




UEFA ने चैंपियंस लीग के फाइनल का वेन्यू बदला



28 मई को UEFA चैंपियंस लीग का फाइनल रूस की बजाए अब फ्रांस की राजधानी पेरिस में होगा। वहीं, जर्मन रेसिंग ड्राइवर सेबेस्टियन वेटेल ने कहा है कि वह यूक्रेन में रूस द्वारा चल रहे हमलों के कारण इस साल फॉर्मूला वन के रूसी ग्रांड प्रिक्स में भाग नहीं लेंगे।


कीव पर सुबह रूसी मिसाइलों से हमले किए गए। 





चेर्नोबिल न्यूक्लियर पावर प्लांट में रेडिएशन बढ़ा



यूक्रेन के चेर्नोबिल न्यूक्लियर पावर प्लांट के पास गुरुवार रात रूसी सेना ने हमले किए। यहां कई धमाके भी हुए। इसके चलते इस एटमी प्लांट में रेडिएशन लेवल बढ़ गया है। यूक्रेन की न्यूक्लियर एजेंसी ने इसकी पुष्टि की है। इस इलाके में रहने वाले हजारों लोगों को रेडिएशन लेवल बढ़ने से जान का खतरा पैदा हो गया। उन्हें सेहत संबंधी दिक्कतें भी हो सकती हैं। इस बीच यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने नागरिकों से कहा है कि वे रूसी सेना के मूवमेंट के बारे में जानकारी देते रहें। इसके साथ ही उन पर पेट्रोल बम फेंकें।


यूक्रेनी राष्ट्रपति ने रूसी नागरिकों से की युद्ध के खिलाफ प्रदर्शन करने की अपील



यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूसी सेना राजधानी कीव में दाखिल हो गई है। हालांकि रूसी टैंक कीव से 32 किमी दूर हैं। इन्हें रोकने के लिए यूक्रेनी सेना ने तीन पुल उड़ा दिए हैं। जेलेंस्की ने आशंका जताई है कि 96 घंटे यानी 4 दिनों में कीव पर रूस का पूरी तरह कब्जा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रूसी सेनाएं रिहाइशी इलाकों को टारगेट कर रही हैं। उन्होंने रूसी नागरिकों से अपील की है कि वे इस जंग के खिलाफ प्रदर्शन करें।



यूक्रेन की सीमा पर एक रूसी सैनिक का शव। कुछ दूरी पर नजर आ रहा तबाह टैंक। सौजन्य एजेंसी।


हमले के से जुड़े अहम अपडेट 


  • रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने जंग खत्म होने की उम्मीदें भी खारिज कर दी हैं। लावरोव ने कहा- हमें अब यूक्रेन से बातचीत का ऑफर कबूल नहीं है। बातचीत सिर्फ एक शर्त पर हो सकती है कि यूक्रेन सरेंडर कर दे। उनके राष्ट्रपति अब तक सिर्फ झूठ बोलते आए हैं।


  • रूस ने फेसबुक पर आरोप लगाया है कि वो उसके मीडिया को सेंसर कर रहा है। पुतिन सरकार ने फेसबुक को आंशिक तौर पर बैन करने का फैसला किया है। फेसबुक पर आरोप है कि वो रूसी मीडिया को पुतिन समर्थक बताकर चुपचाप बैन कर रहा था।


  • UN की रिफ्यूजी एजेंसी ने कहा है कि यूक्रेन से अब तक 50 हजार लोग पलायन कर चुके हैं। इनमें से ज्यादातर लोग पोलैंड और मोल्डोवा गए हैं।


  •  ब्रिटेन के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के तौर पर रूस ने वहां के सभी विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है।


  •  रूस-यूक्रेन जंग पर तालिबान ने कहा है कि दोनों देश शांति से मसले को हल करें।


  •  रूस ने साउथ कोरिया से फौरन सायबर सिक्योरिटी के लिए मदद मांगी है। दोनों देशों की इस बारे में बातचीत हुई है।


  •  अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि जो देश यूक्रेन पर युद्ध का समर्थन करेंगे, उनके हाथों पर भी खून लगेगा।


  • पश्चिमी यूक्रेन के लीव शहर में हवाई हमले का सायरन सुनाई दिया है। इसके बाद यहां की मेयर ने लोगों को घरों से बाहर न निकलने को कहा है।


  • रूसी हमले में अब तक 137 लोग मारे जा चुके हैं, वहीं 316 घायल हैं।


  • यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि दुनिया ने हमें जंग में लड़ने के लिए अकेला छोड़ दिया है।


  • अमेरिका ने ऐलान किया कि वह यूरोप में 7000 एक्स्ट्रा फोर्सेज की तैनाती कर रहा है।


  •  अमेरिका ने वॉशिंगटन में रूसी एम्बेसी में तैनात हाई लेवल डिप्लोमैट को अपने देश से निकाल दिया है।


  •  फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को फोन किया। इससे पहले भारत, पाकिस्तान और ईरान के राष्ट्राध्यक्ष पुतिन से बात कर चुके हैं।


प्रदर्शन करने वाली युवती को पकड़ कर ले जाते सुरक्षाकर्मी।


रूस में शुरू हुआ पुतिन का विरोध


यूक्रेन पर हमले के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को दुनिया के साथ घरेलू नाराजगी का भी सामना करना पड़ रहा है। यूक्रेन पर हमले के विरोध में रूस के दर्जनों शहर में लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद 1700 लोगों को हिरासत में ले लिया गया। वर्ल्ड बैंक यूक्रेन को आर्थिक मदद देने को तैयार हो गया है।



युद्ध पर रूस-यूक्रेन के दावे


रूस ने कहा कि गुरुवार को यूक्रेन के 14 इलाकों में 203 हमले किए गए। 83 लैंड बेस्ड टारगेट हिट किए गए। रूसी सेनाओं ने चेर्नोबिल न्यूक्लियर प्लांट पर कब्जा कर लिया है। कीव के नजदीक यूक्रेनी एयरबेस पर भी रूस का कब्जा हो चुका है। राजधानी कीव में भी रूसी सेना घुस गई है। रूसी एयरक्राफ्ट एंटनोव-26 यूक्रेन के करीब वोरोनेज इलाके में क्रैश हो गया। रूस ने कहा कि यह एयरक्राफ्ट इक्विपमेंट ट्रांसपोर्ट कर रहा था। एयरक्राफ्ट के क्रू मेंबर्स की मौत हो गई है। रूस ने यह नहीं बताया कि इनकी संख्या कितनी थी।

लगातार हो रहे हमले।




राजधानी कीव में गुरुवार रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहा। चश्मदीदों ने बताया कि रातभर धमाके और एयर रेड के सायरन सुनाई दिए। लोगों से लाइटें बंद करने और पर्दे लगाने को कहा गया। यूक्रेन की रक्षा मंत्री ने दावा किया है कि यूक्रेनी फोर्सेज ने रूस के 7 एयरक्राफ्ट, 6 हेलिकॉप्टर, 30 टैंक तबाह कर दिए हैं। यूक्रेन ने दावा किया है कि उनकी फोर्सेस ने 800 से ज्यादा रूसी सैनिकों को मार गिराया है। 30 रूसी टैंक और 7 जासूसी एयरक्राफ्ट को भी तबाह कर दिया है।



भारतीयों की स्थिति



भारत ने पोलैंड के रास्ते फंसे हुए भारतीयों को निकालने का फैसला लिया है। उन्हें यूक्रेन से एयरलिफ्ट भी किया जा सकता है। भारत ने यूक्रेन में फंसे लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।





न्यूयॉर्क में भी पुतिन के खिलाफ प्रदर्शन


रूसी राष्ट्रपति के खिलाफ गुरुवार को न्यूयॉर्क में मार्च निकाला गया। मैनहट्टन की सड़कों पर लोगों ने यूक्रेनी फ्लैग लपेटकर और तख्तियां हाथ में लेकर प्रदर्शन किया।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top