कैंट व किदवई नगर में प्रियंका का रोड शो, शहीद की पौत्री व बेटी के नारे से स्वागत

0
-लगभग चार किलोमीटर के रोड शो के दौरान उमड़ पड़ा जन सैलाब, होती रही पुष्प वर्षा

-बेगमपुरवा, बाबू पुरवा वह किदवई नगर में प्रियंका के स्वागत को घरों के छतों पर खड़ी रहीं महिलाएं

प्रारब्ध न्यूज़ ब्यूरो, कानपुर 


मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना, हिंदी हैं हम वतन, हिंदोस्ता हमारा गाने के बीच कैंट विधानसभा क्षेत्र के बेगमपुरवा सफेद कालोनी की सड़क की तरफ सभी की निगाहें टिक गईं। बुधवार को लगभग दो घंटे विलंब से श्याम नगर की तरफ से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का काफिला आता नजर आया तो आम अवाम से लेकर कार्यकर्ता व पार्टी पदाधिकारी उत्साहित हो उठे। अपने वाहन की छत से प्रियंका वाड्रा कभी हाथ हिलाकर तो कभी हाथ जोड़कर सड़क पर उमड़ी भीड़ का अभिवादन करती रहीं। वहीं, उत्साहित भीड़ भी "प्रियंका नहीं यह आंधी है, शहीद की पौत्री व बेटी जिंदाबाद' के नारे लगाने लगे। सड़कों पर उमड़े जनसैलाब को देखकर प्रियंका गदगग हो गईं।


प्रियंका वाड्रा का रोड शो कैंट विधानसभा क्षेत्र के बेगमपुरवा से दोपहर 3.38 बजे शुरू हुआ, जो किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र के सोटेवाला मंदिर में दर्शन के उपरांत शाम 5.15 बजे खत्म हुआ। लगभग चार किलोमीटर के रोड शो के दौरान उनके साथ कैंट, किदवई नगर और कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी साथ रहे। 

बेगमपुरवा सफेद कालोनी से रोड शो शुरू हुआ तो उनके साथ एक तरफ कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र की प्रत्याशी नेहा तिवारी और दूसरी तरफ कैंट के प्रत्याशी सोहिल अख्तर अंसारी रहे। प्रियंका का काफिला अपार जनसमूह के बीच धीरे धीरे बढ़ते हुए चार लाख चौराहा पहुंचा। इस बीच एक समर्थक उनकी बचपन की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर लेकर खड़े थे, जैसे ही प्रियंका की नजर उन पर पड़ी। अपने पास इशारा करके बुलाया। उनसे तस्वीर ले ली। उसके बाद बाकरगंज में काफी देर रुकीं रहीं। वहां स्वागत के लिए खड़ी महिलाओं से बातचीत भी की। वहां से आगे बढ़ी तो सड़क के दोनों तरफ खड़े लोग फूल बरसाते रहे। घरों की छतों पर खड़ी महिलाओं का भी हाथ हिलाकर अभिवादन किया। 

किदवई नगर चौराहे पर किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अजय कपूर ने उनका स्वागत किया। वहां उनके वाहन से सोहिल उतर आए और अजय कपूर सवार हो गए। ज्यों ज्यों काफीला आगे बढ़ता गया, हुजूम उमड़ता गया। किदवई नगर में ब्लाक हनुमान मंदिर में प्रियंका वाड्रा ने पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान प्रत्याशी अजय कपूर साथ रहे। इस दौरान समर्थक पुष्प वर्षा करते रहे।


 प्रियंका रोड शो करते हुए किदवई नगर साइट नंबर वन से होते हुए संजय वन रोड स्थित सोटे वाला मंदिर पहुंची। वहां प्रियंका वाड्रा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मैं रास्ते में आ रही थी, वहां सैकड़ों टन कूड़ा कचड़ा पड़ा था। यह सरकार है, जो साफ-सफाई नहीं करा पा रही है। यह अमीरों की सरकार है, इसे गरीबों से कोई मतलब नहीं है। इसलिए इसे हटाने के लिए कांग्रेस को जिताएं। इसके वहां पूजन-अर्चन किया। रोड शो खत्म कर बजरिया के लिए निकल पड़ीं।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top