प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, सीतापुर
जैवलिन थ्रो में जिले का नाम रोशन करने वाली राज्य स्तरीय खिलाड़ी को उसके पति ने जरा सी बात पर तीन तलाक दे दिया। बेटी का जन्म देने के बाद से उसका पति और ससुराल वाले नाराज हो गए थे। उसका आरोप है कि शादी के बाद से ही पति एवं ससुराल वाले दहेज की मांग करने लगे थे। दिव्यांग बेटी के जन्म के बाद से ससुराल वालों का व्यवहार और अधिक बदल गया। तीन तलाक पीड़िता ने शहर कोतवाली में तहरीर दी है। उसने जैवलिन थ्रो में कई पदक जीते हैं।
जिले के तरीनपुर इस्माइल बेग की पुत्री सबाना ने कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक उसकी शादी पांच वर्ष पहले तरीनपुर निवासी नसीमुल्ला के पुत्र नईमुल्ला के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा था। उसे आए दिन मारा-पीटा जाता था। सास तय्यबा खातून, देवर अमान खां व ननद कमरे में बंद करके उसे पीटते थे। खाना-पानी भी नहीं दिया जाता था।
मारपीट से पैदा हुई बच्ची दिव्यांग
वर्ष 2017 में उसे एक बेटी हुई। उसका आरोप है कि ससुराल वालों की पिटाई की वजह से बेटी दिव्यांग हुई। बेटी के जन्म के बाद से ही ससुराल में उसका उत्पीड़न और बढ़ गया। उसने कई बार ऐसा न करने की फरियाद की लेकिन, सुनवाई नहीं हुई।
जैवलिन थ्रो में जीते हैं कई पदक
तीन तलाक पीड़िता सबाना जैवलिन थ्रो की खिलाड़ी रही हैं। अंडर-16 नार्थ जोन नेशनल में गोल्ड मेडल हासिल किया था। आल इंडिया विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता में तीन बार प्रतिभाग किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी कई पदक जीते हैं। तत्कालीन डीएम आमोद कुमार ने सबाना को सम्मानित भी किया था। सीतापुर व नैमिष महोत्सव में भी उसे सम्मानित किया जा चुका है।
तीन तलाक से जुड़े मामले की तहरीर मिली है। इस पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। उसके उपरांत कार्रवाई की जाएगी।
- फरीद, प्रभारी कोतवाली निरीक्षक, सीतापुर सिटी।
0 Comments
if you have any doubt,pl let me know