कानपुर में 26 फरवरी से बिठूर महोत्सव का भव्य आगाज हो रहा है। प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय करेंगे शुभारंभ। यूफोरिया बैंड की प्रस्तुति और AI प्रदर्शनी होगी मुख्य आकर्षण। पूरी जानकारी यहां पढ़ें।
Bithoor Mahotsav 2026 : डॉ. पलाश सेन और यूफोरिया बैंड बिखेरेंगे जलवा, जानें पूरा शेड्यूल और रूट प्लान
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, कानपुर
ऐतिहासिक नगरी बिठूर एक बार फिर गौरवशाली इतिहास और आधुनिकता के मिलन का गवाह बनने जा रही है। 26 फरवरी से 28 फरवरी तक चलने वाले तीन दिवसीय 'बिठूर महोत्सव-2026' का भव्य शुभारंभ आज सायं 4:45 बजे UP के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय द्वारा किया जाएगा।
"सनातन एवं संस्कृति का उत्सव" थीम पर आधारित महोत्सव की तैयारियों को लेकर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने बुधवार को नाना राव पेशवा स्मारक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।संगीत, कला व तकनीक की त्रिवेणी का होगा संगम
महोत्सव के पहले ही दिन सुरों और ताल की महफिल सजेगी। उद्घाटन के साथ ही यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झड़ी लग जाएगी।
शास्त्रीय नृत्य : सायं 5:15 बजे भोपाल कथक समिति द्वारा शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।
मेगा इवेंट : रात्रि 7:30 बजे प्रसिद्ध गायक डॉ. पलाश सेन एवं यूफोरिया बैंड अपनी धुनों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
महोत्सव का विस्तृत कार्यक्रम (26-28 फरवरी)
प्रशासन ने तीन दिनों के लिए विविध कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है।
तिथि : प्रमुख कार्यक्रम
26 फरवरी : उद्घाटन, भोपाल कथक समिति की प्रस्तुति, डॉ. पलाश सेन व यूफोरिया बैंड का लाइव कंसर्ट।
27 फरवरी : स्थानीय प्रतिभाओं को मंच, लोक कला प्रदर्शन और स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम।
28 फरवरी : शास्त्रीय गायन, लोक प्रस्तुतियां और भव्य गंगा आरती के साथ महोत्सव का समापन।
प्रदर्शनी और नवाचार
इस बार महोत्सव में केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि ज्ञान और तकनीक का भी प्रदर्शन होगा।
IIT कानपुर : एआई (AI) और वीआर (VR) आधारित अत्याधुनिक तकनीक की प्रदर्शनी।
रक्षा मंत्रालय : रक्षा क्षेत्र के विभिन्न उपक्रमों और हथियारों का प्रदर्शन।
गार्डन एवं आर्ट्स : उद्यान विभाग द्वारा फ्लावर शो और CSJMU के फाइन आर्ट्स विभाग की कला प्रदर्शनी।
"महोत्सव की तैयारियां पूर्ण हैं। सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और चिकित्सा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जनपदवासी भारी संख्या में आएं और स्वच्छता व शांति बनाए रखने में सहयोग करें।" - जितेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी।
यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था
आम जनमानस की सुविधा के लिए प्रशासन ने निम्नलिखित प्रबंध किए हैं।
बस सेवा : कानपुर नगर से बिठूर के बीच सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक विशेष रोडवेज बसें संचालित होंगी।
सुरक्षा : आयोजन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरे और आपातकालीन चिकित्सा टीमें तैनात रहेंगी।
पार्किंग : वाहनों के सुचारू आवागमन के लिए कार्यक्रम स्थल के निकट पार्किंग जोन निर्धारित किए गए हैं।




0 Comments
if you have any doubt,pl let me know