एक चमगादड़ की वजह से एयर इंडिया की फ्लाइट को उड़ान भरने के बाद बीच रास्ते से लौटना पड़ गया। भले की सुनने में कुछ अजीबो-गरीब लग रहा होगा, लेकिन यह पूरी तरह से सच्चा वाकया है। गुरुवार को एयर इंडिया की फ्लाइट में चमगादड़ मिलने पर पायलट ने विमान को बीच रास्ते से लौटा लिया। इस विमान ने दिल्ली के एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। एयर इंडिया की यह फ्लाइट अमेरिका के नेवार्क शहर (EWR)जा रही थी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचना देने के बाद पायलट ने विमान को वापस लेकर जाने का निर्णय लिया।
एयर इंडिया की फ्लाइट ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपने निर्धारित समय गुरुवार सुबह 2.20 बजे नेवार्क (EWR)के लिए उड़ान भरी थी। हवा में 30 मिनट उड़ने के बाद फ्लाइट में एक चमगादड़ देखा गया। यात्रियों ने विमान के कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। क्रू मेंबर्स ने जहाज के कैप्टन को अवगत कराया।
उसके बाद फ्लाइट कैप्टन ने विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट लेकर जाने का फैसला कर लिया। एयर इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि डिपार्चर के कुछ समय बाद विमान संख्या AI-105 DEL-EWR को वापस लाया गया है। क्रू मेंबर्स ने केबिन में एक चमगादड़ को पाया था। वाइल्ड लाइफ स्टॉफ को विमान के केबिन से इसे हटाने के लिए कहा गया है। विमान ने दिल्ली एयरपोर्ट से सुबह 3.55 बजे सुरक्षित वापसी की।
डीजीसीए के अधिकारियों ने बताया कि विमान के लौटने पर फ्यूमिगेशन किया गया। उसके बाद मरे हुए चमगादड़ को विमान से बाहर निकाला गया। उधर, इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट बनाने के लिए इंजीनियरिंग टीम को निर्देश दिए गए हैं। एयर इंडिया की इंजीनियरिंग टीम ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट जांच रिपोर्ट अधिकारियों को दे दी है।
अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक रिपोर्ट में कहा गया है कि यह चमगादड़ हो सकता है केटरिंग के लोडिंग वाहनों से विमान में आ गया हो। दिल्ली वापस लौटने पर यात्रियों को दूसरे विमान में शिफ्ट किया गया। एयर इंडिया की इस फ्लाइट (AI-105) ने स्थानीय समयानुसार सुबह 11.35 बजे नेवार्क में लैंडिंग की।
0 Comments
if you have any doubt,pl let me know