यूपी-बिहार की सड़कों की दो साल में बदलेगी तस्वीर : नितिन गडकरी

0

  •  भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के स्थापना दिवस पर वर्चुअल व्यापारी सम्मेलन काे केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने किया संबोधित

व्यापारियों को संबोधित करते गडकरी।
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, कानपुर


भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के 39वें स्थापना दिवस पर रविवार को आयोजित वर्चुअल व्यापारी सम्मेलन काे संबोधित करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार में सड़कों पर तेजी से काम चल रहा है। सड़कों में व्यापक सुधार हो रहा है। आने वाले दो वर्ष में दोनों राज्यों की तस्वीर बदल जाएगी। मेरठ से दिल्ली माल भेजने में व्यापारियों को मात्र 45 मिनट लगेंगे। उसके बाद अगली चरण में हम इलेक्ट्रिक ट्रक लाने के बारे में भी सोच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अभी दिल्ली से मुंबई माल भेजने में 55 घंटे लगते हैं, लेकिन जल्दी ही 26 घंटे में माल पहुंचने लगेगा। सड़कों में व्यापक स्तर पर सुधार की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। तेजी से बदल रही देश की तस्वीर को देखते हुए आज तमाम देश भारत से जुड़ना चाहते हैं। भारत में निवेश आएगा तो लोगों को रोजगार मिलेगा। लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी। उत्पादन बढ़ेगा तो आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि कोरोना के साथ हमें जीने की कला सीखनी होगी। जब हमें वैक्सीन मिल जाएगी तो हम फिर दौड़ने लगेंगे। कोरोना की वजह से लगातार उद्योग और व्यापार बंद रखना ठीक नहीं है। व्यापारी अपने काम के तरीकों में बदलाव करें। ग्राहकों को भी उसके हिसाब से बुलाएं। व्यापारी जीएसटी में पंजीकृत हों, बैंकों से जुड़ें और अपने उत्पादों की पैकेजिंग अच्छी करें और लॉजिस्टिक को ध्यान में रखें। इन सब चीजों को ध्यान दिया गया तो कारोबार तेजी से बढ़ सकता है।

सम्मेलन में मौजूद व्यापारी व पदाधिकारी।

उन्होंने कहा कि गांवों से लोग शहर आ रहे हैं। यह ठीक नहीं है। लोग अपने गांव में ही अपने कार्य को बढ़ाएं। इसमें उत्तर प्रदेश और बिहार बड़ा सहयोग कर सकते हैं। आज के दौर में मुश्किल में कौन नहीं है, सबके उद्योग व्यवसाय के लिए कठिन दौर हैं। इसलिए इस समय एक-दूसरे का हाथ पकड़कर आगे बढ़ें। समय के साथ तकनीक का भी प्रयोग करना सीखते चलें। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्याम बिहारी मिश्र ने की। संचालन प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकुंद मिश्र ने किया। कार्यक्रम में देश भर से व्यापारी जुड़े।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top