प्रारब्ध न्यूज़ ब्यूरो, लखनऊ
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश के वर्तमान हालातों को देखते हुए एक बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर ली है। आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय 'नेहरू भवन' में आयोजित एक संयुक्त प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने घोषणा की कि आगामी 1 मई से 'किसान नौजवान बचाओ यात्रा' की शुरुआत की जाएगी।
किसान और युवा संकट में: अजय राय
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सत्ता पक्ष पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा राज में देश की रीढ़ (किसान) और भविष्य(नौजवान) दोनों ही गहरे संकट में हैं। एक तरफ बढ़ती लागत और फसलों के उचित दाम न मिलने से किसान आर्थिक तंगी झेल रहा है, वहीं दूसरी तरफ शिक्षित युवा बेरोजगारी की मार सह रहा है।
"कांग्रेस किसानों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए संकल्पित है। यह यात्रा सरकार की कुनीतियों के खिलाफ एक निर्णायक जंग होगी।" - अजय राय, प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी।
यात्रा का रूट और रूपरेखा
यह यात्रा उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जोन को कवर करते हुए देश की राजधानी दिल्ली तक पहुंचेगी।
- नेतृत्व: उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (पश्चिमी जोन)
- सहयोग: उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस
- प्रमुख पड़ाव: सहारनपुर से शुरू होकर यह यात्रा मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा और गौतमबुद्धनगर होते हुए दिल्ली में संपन्न होगी।
स्थानीय मुद्दों पर केंद्रित होगा आंदोलन
अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष(प्रभारी संगठन) अखिलेश शुक्ला और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने यात्रा के दौरान होने वाले कार्यक्रमों का ब्यौरा साझा किया।
क्षेत्र जनपद/ कार्यक्रम की रूपरेखा
मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, मेरठ - गन्ना न्याय पंचायतों का आयोजन एवं स्मार्ट मीटर का विरोध।
सहारनपुर, हापुण, बुलंदशहर - खाद बीज जनसुनवाई एवं मनरेगा जागरूकता अभियान।
अलीगढ़ - छात्रआंदोलन एवं रोजगार संवाद।
मथुरा - दुग्धकिसान महापंचायत का आयोजन।
नोएडा गाजियाबाद - युवाओं के लिए रोजगार चौपाल का आयोजन।
युवाओं को एकजुट करने का संकल्प
भारतीय युवा कांग्रेस के सचिव विशाल चौधरी और युवा कांग्रेस (पश्चिमी जोन) के अध्यक्ष पारस शुक्ला ने स्पष्ट किया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संगठित कर एक वृहद आंदोलन खड़ा करना है। कांग्रेस का मानना है कि इस यात्रा के जरिए वे सीधे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को संसद और विधानसभा तक पहुँचाएंगे।
0 Comments
if you have any doubt,pl let me know