UP Congress महिला आरक्षण बिल 2023: भाजपा की नीयत पर सवाल, कांग्रेस ने लखनऊ संगोष्ठी में घेरा; जानें किसने क्या कहा

लखनऊ में यूपी कांग्रेस की संगोष्ठी में अविनाश पांडे और अजय राय ने महिला आरक्षण बिल को भाजपा का छलावा बताया। जानें क्यों उठ रहे हैं भाजपा की नीयत पर सवाल।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में सोमवार को 'महिला आरक्षण अधिनियम: सम्मान या छलावा' विषय पर एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से उमड़ी नारी शक्ति के बीच कांग्रेस नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर महिला आरक्षण के नाम पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया।

मुख्य वक्ताओं के प्रमुख विचार

अविनाश पांडे (राष्ट्रीय महासचिव व प्रभारी, UP) : उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा में कभी भेदभाव नहीं रहा, जिसका प्रमाण देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब 2023 में बिल पास हो चुका है, तो भाजपा इसे तत्काल लागू करने के बजाय परिसीमन का बहाना क्यों बना रही है?

अजय राय (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष) : भाजपा पर कड़ा प्रहार करते हुए अजय राय ने कहा कि जो प्रधानमंत्री अपनी पत्नी को सम्मान नहीं दे सके, वे देश की महिलाओं को हक देने का केवल छलावा कर रहे हैं। उन्होंने IIT-BHU की घटना का जिक्र करते हुए भाजपा पर बलात्कारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

रूपरेखा वर्मा (पूर्व कुलपति, लखनऊ विश्वविद्यालय) : मुख्य वक्ता के रूप में उन्होंने कहा कि महिलाओं को पुरुषों के समांतर नहीं बल्कि संयुक्त हक चाहिए। उन्होंने आरक्षण को 2029 तक टालने को महिलाओं के साथ एक 'भद्दा मजाक' करार दिया।

आराधना मिश्रा 'मोना' (नेता विधानमंडल दल) : उन्होंने भाजपा को चुनौती दी कि क्या वे किसी महिला को अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष या अगला प्रधानमंत्री चेहरा बनाएंगे? उन्होंने याद दिलाया कि पंचायतों में महिला आरक्षण राजीव गांधी की देन है, जिसका भाजपा ने तब विरोध किया था।

नाइस हसन (समाज सेविका) : उन्होंने ग्लोबल जेंडर गैप रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि हमें देवी बनाकर पूजने के बजाय बराबर का इंसान मानकर संवैधानिक अधिकार दिए जाएं।

संगोष्ठी में शामिल प्रमुख पदाधिकारी

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय, नेता विधानमंडल दल श्रीमती आराधना मिश्रा 'मोना', पूर्व कुलपति, LU एवं मुख्य वक्ता डॉ. रूपरेखा वर्मा, प्रसिद्ध समाज सेविका नाइस हसन, चेयरमैन, विचार विभाग एच.एल. दुसाध, नवनियुक्त अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन सोहेल अंसारी, पूर्व अध्यक्ष, विचार विभाग संपूर्णानंद मिश्रा, राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर, महिला कांग्रेस अनामिका यादव, वाइस चेयरमैन, मीडिया विभाग मनीष हिंदवी, वरिष्ट प्रवक्ता अंशू अवस्थी एवं अन्य प्रवक्ता व पदाधिकारी, नेता और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।

नोट: संगोष्ठी के प्रारंभ में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय अरुण कुमार सिंह 'मुन्ना' जी को भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

Post a Comment

0 Comments