Lucknow News ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाए सरकार, मनरेगा भुगतान और सुरक्षा पर लिया जाए ठोस निर्णय

Panchayati Raj Gram Pradhan Sangathan Lucknow Meeting लखनऊ में आयोजित पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष कौशल किशोर पाण्डेय ने चुनाव टलने पर प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने और मनरेगा भुगतान की मांग की।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 

उत्तर प्रदेश के ग्राम प्रधानों की समस्याओं और भविष्य की रणनीति को लेकर 'पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन उत्तर प्रदेश' की एक महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय बैठक लखनऊ में हुई। यह बैठक राज भवन गेट नंबर एक के सामने स्थित डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ भवन के सभागार में आयोजित की गई।

कार्यकाल विस्तार की पुरजोर मांग

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं प्रदेश अध्यक्ष कौशल किशोर पाण्डेय ने सरकार से स्पष्ट मांग की कि यदि किन्हीं कारणों से ग्राम पंचायत चुनाव समय पर नहीं हो पाते हैं, तो वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल ही बढ़ाया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार चाहे अध्यादेश लाए या प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त करे, लेकिन विकास की निरंतरता बनी रहनी चाहिए।

पाण्डेय ने तर्क दिया कि कोरोना काल के दौरान ग्राम पंचायतों में विकास कार्य बुरी तरह प्रभावित रहे। महामारी के समय प्रदेश के सभी प्रधानों ने सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया है। जनहित और ग्रामीण विकास के लिए अनुभवी प्रधानों का पद पर बने रहना आवश्यक है।

मनरेगा भुगतान और जल-जीवन मिशन पर चिंता

संगठन ने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि मनरेगा (MGNREGA) सहित ग्राम पंचायतों के सभी लंबित भुगतान तुरंत जारी किए जाएं। साथ ही, पंचायत सचिवों को प्रधानों के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए जाएं।

बैठक में जल-जीवन मिशन के कार्यान्वयन पर भी सवाल उठाए गए। वक्ताओं ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के नाम पर गलियां तहस-नहस कर दी गई हैं। टूटी लाइनों से गंदा पानी पेयजल में मिल रहा है, जो चिंताजनक है।

पर्यावरण और जल संरक्षण का मुद्दा

बढ़ते तापमान और गिरते जल स्तर पर चर्चा करते हुए संगठन ने सरकार के सामने निम्नलिखित मांगें रखीं।

तालाबों का पुनरुद्धार : वर्ष 1952 से पूर्व के सभी लिखित/अलिखित तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कर उनका स्वरूप बहाल किया जाए।

मशीनों की अनुमति : तालाबों की खुदाई और सफाई के लिए मशीनों के उपयोग की अनुमति दी जाए।

चिरंजीवी वृक्षारोपण : पर्यावरण संतुलन के लिए बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए।

हैंडपंप रिबोर : भीषण गर्मी को देखते हुए नए हैंडपंप लगाने और पुराने के रिबोर पर बल दिया गया।

प्रधानों की सुरक्षा और फर्जी मुकदमों पर कड़ा रुख

मिर्जापुर की हालिया घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सदन ने मांग की कि ग्राम प्रधानों और उनके परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिना गहन जांच के किसी भी प्रधान पर मुकदमा दर्ज नहीं होना चाहिए और राजनीतिक द्वेष के चलते दर्ज किए गए फर्जी मुकदमे तुरंत वापस लिए जाएं।

बैठक के प्रमुख सहभागी

बैठक की अध्यक्षता सम्पूर्णानन्द (मण्डल अध्यक्ष, लखनऊ मण्डल) ने की। कार्यक्रम का संचालन बुंदेलखंड प्रभारी हरस्वरूप व्यास और प्रदेश महासचिव दिनेश चन्द्र मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। विषय वस्तु का प्रतिपादन उपाध्यक्ष जय प्रकाश दुबे ने किया, जबकि कार्यवाही का संकलन सचिव राजीव पाल (राजू) द्वारा किया गया।

इस बैठक में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों पदाधिकारियों और ग्राम प्रधानों ने हिस्सा लिया और अपनी समस्याओं को साझा किया।

Post a Comment

0 Comments