- ऑनर किलिंग की रंजिश में साथ देने पर हुई वारदात
- विरोधी गुट के 15-20 लोगों ने घेरकर बरसाईं गाेलियां
- घटना में दो घायल, गांव में दहशत, ग्रामीणों में नाराजगी
जिले के सोरों थाना क्षेत्र के गांव होडलपुर में रविवार देर शाम एक गुट के 15-20 हथियारबंद लोगों ने प्रधान के परिवार पर फायरिंग कर तीन लोगों की हत्या कर दी, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घटना के पीछे डेढ़ साल पहले ऑनर किलिंग से उपजी रंजिश बताई जा रही है। गुस्साए ग्रामीणों ने काफी देर तक पुलिस को गांव में घुसने नहीं दिया। घटना के बाद से गांव के अधिकतर पुरुष घरों से फरार हो गए। देर रात पुलिस ने आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे तीन असलहे भी बरामद किए गए हैं।
गांव के केके राजपूत ने रविवार शाम सात बजे अपने साथियों के साथ प्रधान सत्यवती के परिवारीजनों को उनके घर के पास ही घेर लिया। उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगे। हमलावरों ने प्रधानपति ब्रजेंद्र के भाई रुद्र, ताऊ प्रेम सिंह व चाचा राधाचरन को गोली मार दी। रुद्र व राधाचरन की मौके पर ही मौत हो गई। प्रेम सिंह का शव तालाब में पड़ा मिला। फायरिंग में प्रधान पति, उनके परिवार के गुड्डू और प्रमोद भी घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए अलीगढ़ भेजा गया है। प्रमोद की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वारदात की वजह
प्रधान परिवार व केके राजपूत में कई सालों से रंजिश है। दो साल पहले गांव में हत्या और डेढ़ साल पहले ऑनर किलिंग की एक घटना होने पर यह रंजिश और बढ़ गई। ऑनर किलिंग की घटना में प्रधान व विरोधी गुट पर अलग-अलग पक्षों का साथ देने का आरोप था। रविवार शाम गांव में शराब के ठेके पर प्रधान पक्ष के एक व्यक्ति का दूसरे पक्ष के कुछ लोगों से विवाद हो गया। इसके बाद दूसरे पक्ष ने प्रधान के परिवारीजनों पर हमला बोल दिया।
मेरा एनकाउंटर कर दो...
परिवारीजनों की हत्या से गुस्साए प्रधान पति ब्रजेंद्र पुलिस अधिकारियों के समक्ष एक ही बात कहते रहे कि मेरा एनकाउंटर कर दो, मैं किसी को छोड़ूंगा नहीं। इस दौरान उन्होंने सोरों थाना पुलिस पर भी कई आरोप लगाए।
तीन दिन से कर रहे थे परेशान
ग्राम प्रधान के ससुर राजपाल ने बताया कि केके राजपूत व उसके साथी तीन दिन से परेशान कर रहे थे। इसकी जानकारी शनिवार को सोरों पुलिस को भी दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस यदि कार्रवाई कर देती तो यह घटना घटित नहीं होती।
होडलपुर गांव में एक साल पहले एक लड़का-लड़की के शव मिले थे। इस मामले में गांव के कुछ लोग जेल गए थे। उसी विवाद को लेकर आज दो पक्षों में संघर्ष हुआ है। प्रधान पक्ष पर इनमें एक पक्ष की मदद करने का शक ता। गोली लगने से तीन लोगों की मौत हुई है। तीन लोग घायल हुए हैैं। आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनसे तीन असलाह भी मिले हैैं। गुड्डू की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पीडि़त पक्ष के पूर्व में थाने आने की भी जांच की जा रही है।
- दीपक रतन, आइजी, अलीगढ़।
0 Comments
if you have any doubt,pl let me know