प्रारब्ध न्यूज़ डेस्क, लखनऊ
लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति और वरिष्ठ शिक्षाविद आचार्य देवेन्द्र प्रताप सिंह (प्रो. डीपी सिंह) के निधन पर डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
शिक्षा जगत, सामाजिक क्षेत्र और विभिन्न अग्रणी संस्थाओं के प्रमुख पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कुलपति आवास पर जुटीं प्रमुख हस्तियां
श्रद्धांजलि सभा का आयोजन डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के लॉ कैंपस स्थित कुलपति आवास पर हुआ। विश्वविद्यालय के कुलपति एवं प्रो. डीपी सिंह के पुत्र आचार्य संजय सिंह ने बताया कि प्रो. सिंह का निधन 17 सितंबर को लोहिया अस्पताल में उपचार के दौरान हो गया था।
प्रो. देवेन्द्र प्रताप सिंह उच्च शिक्षा क्षेत्र के एक शीर्ष स्तंभ होने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पूर्व क्षेत्र संघचालक भी रहे।
उच्च शिक्षा में अतुलनीय योगदान
प्रो. देवेन्द्र प्रताप सिंह ने देश की उच्च शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक व अकादमिक पदों का निर्वहन किया।
1991 – 1993: कुलपति, अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (रीवा)
1999 – 2002: कुलपति, लखनऊ विश्वविद्यालय
2002 – 2005: कुलपति, उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय
श्रद्धांजलि देने पहुंचे प्रमुख गणमान्य व्यक्ति
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने और श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में शासन, प्रशासन एवं शिक्षा जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं:राजनीतिक व प्रशासनिक नेतृत्व: उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय पासवान, पूर्व राज्य मंत्री स्वाति सिंह, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, विधायक ओपी श्रीवास्तव और शिव प्रताप मुन्ना (जौनपुर)।
संघ व सामाजिक संगठन: विद्या भारती के राष्ट्रीय संरक्षक ब्रह्मदेव शर्मा (भाई जी), आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन, क्षेत्र प्रचारक अनिल जी (भाई साहब), पूर्व क्षेत्र संघचालक सिद्धिनाथ सिंह, काशी प्रांत संचालक अंगराज सिंह, रामाशीष जी (प्रज्ञा प्रवाह), महामना मालवीय मिशन के अध्यक्ष हरिशंकर सिंह एवं गोसेवा आयोग यूपी के राजेश सिंह सेंगर।
शिक्षाविद व कुलपति: लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी सैनी, पूर्व कुलपति प्रो. एसपी सिंह, भोपाल स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. बलराज चौहान, भारतीय शिक्षा शोध संस्थान के अध्यक्ष प्रो. एसके द्विवेदी तथा मिर्जापुर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एसके सिंह।
इसके अलावा लखनऊ के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, संस्थान निदेशकों, जनप्रतिनिधियों तथा डॉ. प्रवीण, वीरेंद्र सिंह, अश्विनी जी, कमला कांत जी व वेद प्रकाश सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने भी प्रो. सिंह को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
0 Comments
if you have any doubt,pl let me know