Lucknow:लखनऊ में रिकॉर्ड बारिश के बीच जलनिकासी का जायजा लेने निकले मंत्री ए.के. शर्मा


प्रारब्ध न्यूज़ ब्यूरो, लखनऊ 

राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही बारिश के बीच नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने रविवार को विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जलभराव और जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया। मंत्री ने जनेश्वर मिश्र पार्क, अंबेडकर मेमोरियल पार्क के पास अंडर ब्रिज, इंदिरा नगर के सी ब्लॉक, रहीम नगर और महानगर सहित कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान सभी अधिकारी अलर्ट मोड में रहें और जिन क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो, वहां तत्काल पंपिंग, सफाई और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


अंडरपास में जलभराव की स्थिति की ली जानकारी


मंत्री ए.के. शर्मा ने जनेश्वर मिश्र पार्क एवं अंबेडकर मेमोरियल पार्क के पास स्थित अंडर ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने बारिश के दौरान वहां की जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया। अंडर ब्रिज में पानी जमा न होने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।


उन्होंने नगर आयुक्त गौरव कुमार को राजधानी के सभी अंडरपास और अंडर ब्रिज को चिन्हित कर उनकी जलनिकासी व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में इन स्थानों पर जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।


नाला बनने से इंदिरा नगर में मिली राहत


इसके बाद मंत्री इंदिरा नगर के सी ब्लॉक पहुंचे और वहां नाला एवं जलनिकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति की जानकारी ली।


स्थानीय निवासियों ने बताया कि नाला बनने के बाद इस वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या में काफी राहत मिली है। क्षेत्रवासियों ने जलनिकासी व्यवस्था में सुधार के लिए मंत्री ए.के. शर्मा का आभार भी व्यक्त किया।


रहीम नगर और महानगर में भी नालों का निरीक्षण


मंत्री ने रहीम नगर और महानगर क्षेत्र में भी नालों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को जलनिकासी व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।


उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान अधिकारी लगातार संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी करें। जहां भी पानी जमा हो, वहां तत्काल आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर जल निकासी सुनिश्चित की जाए।


20 वर्षों की रिकॉर्ड बारिश के बावजूद गंभीर जलभराव नहीं


निरीक्षण के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि लखनऊ में पिछले 20 वर्षों के रिकॉर्ड में दर्ज बारिश के बावजूद लगातार दो-तीन दिन हुई बारिश के बाद भी जलनिकासी के लिए किए गए कार्यों का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है।


उन्होंने कहा कि इस वर्ष राजधानी में गंभीर जलभराव की स्थिति नहीं बनी। उनके अनुसार, पूर्व में फैजुल्लागंज, विधानसभा और सिविल हॉस्पिटल के आसपास वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती थी, लेकिन पिछले वर्षों में जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए गए कार्यों से स्थिति में सुधार हुआ है।


स्थायी समाधान पर जोर


मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलभराव की समस्या का केवल तत्काल समाधान करने के बजाय स्थायी समाधान पर ध्यान दिया जाए। इसके लिए नालों की क्षमता, जलनिकासी मार्ग, पंपिंग व्यवस्था और अन्य तकनीकी उपायों की समीक्षा करने को कहा गया।


उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी नागरिकों को जलभराव की परेशानी से राहत मिले, इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।


मंत्री ने नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता सहित नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments