लखनऊ में 5 दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर बैंककर्मियों ने वार रूम बनाकर एक्स अभियान चलाया। UFBU के आह्वान पर 22 और 25 सितंबर को प्रदर्शन तथा 28-30 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। Lucknow News, Bank Strike, UFBU, 5 Days Banking, Bank Employees, Bank Unions, September 2026, SBI, Banking News, Uttar Pradesh.
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ
पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और बैंककर्मियों से जुड़े लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर सोमवार को देशभर के बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर व्यापक अभियान चलाया। अभियान के दौरान पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
UFBU की ओर से घोषित आंदोलन के तहत सार्वजनिक क्षेत्र के बैंककर्मी आने वाले दिनों में विभिन्न चरणों में विरोध-प्रदर्शन करेंगे। UFBU के घोषित कार्यक्रम में 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल शामिल है। इसके बाद मांगों का समाधान नहीं होने की स्थिति में 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का कार्यक्रम भी घोषित किया गया है।
लखनऊ में भी बैंक यूनियनों ने अभियान को व्यापक रूप देने के लिए ऑल इंडिया बैंक ऑफ बड़ौदा ऑफिसर्स एसोसिएशन के इंदिरा नगर स्थित कार्यालय में वार रूम बनाया। यहां कॉमरेड संदीप सिंह के नेतृत्व में बैंककर्मियों और यूनियन पदाधिकारियों ने एक्स अभियान में सक्रिय भागीदारी की।
इस दौरान करुणेश शुक्ला, एस.के. संगतानी, आकाश शर्मा, आनंद प्रताप सिंह, वी.के. श्रीवास्तव, अनिल कुमार, उमेश चंद्रा, अमित सिंह, अंकुर अग्रवाल, सुमन सरकार, के.एम. श्रीवास्तव, सत्यम बाजपेई, कृष्ण कुमार पांडेय और गौरव सहित बैंक यूनियन के नेता एवं वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
UFBU की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। यूनियनों का कहना है कि 8 मार्च 2024 के Settlement/Joint Note में पांच दिवसीय बैंकिंग से संबंधित प्रतिबद्धता के बावजूद इसका कार्यान्वयन लंबित है। इसके अलावा यूनियनें सरकार की Performance Linked Incentive (PLI) व्यवस्था में बदलाव/द्विपक्षीय बातचीत तथा अन्य लंबित सेवा एवं कर्मचारी संबंधी मुद्दों के समाधान की मांग भी उठा रही हैं।
लखनऊ में आगे होंगे प्रदर्शन
फोरम के जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव के अनुसार आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 22 सितंबर को बैंककर्मी काला बैज धारण कर विरोध दर्ज कराएंगे। इसके बाद 25 सितंबर को एसबीआई मुख्य शाखा पर प्रदर्शन एवं रैली का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इसके अतिरिक्त फोरम की ओर से 22 सितंबर को एसबीआई मुख्य शाखा पर राज्य स्तरीय धरना एवं विशाल प्रदर्शन तथा आंदोलन के अगले चरण में 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है।
फोरम के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि आंदोलन का मुख्य उद्देश्य पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू कराने के साथ बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान कराना है।
पांच दिन प्रभावित हो सकती है शाखा बैंकिंग
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार का अवकाश रहेगा। ऐसे में हड़ताल और सप्ताहांत को मिलाकर कई बैंक शाखाओं में लगातार पांच दिनों तक नियमित शाखा सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। SBI और अन्य बैंकों ने ग्राहकों को आवश्यक शाखा संबंधी काम पहले पूरा करने की सलाह दी है। हालांकि ATM, UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं के उपलब्ध रहने की संभावना है, लेकिन सेवाओं की उपलब्धता बैंक और सेवा के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।
UFBU ने इससे पहले 11 सितंबर 2026 को देशव्यापी बैंक हड़ताल की थी। संगठन के अनुसार, पांच दिवसीय बैंकिंग और अन्य लंबित मुद्दों को लेकर सरकार एवं संबंधित पक्षों के साथ बातचीत के बावजूद समाधान नहीं निकलने के बाद आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।



0 Comments
if you have any doubt,pl let me know