प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक सुशासन और कार्यकुशलता को गति देने के उद्देश्य से देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में 15 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को बदला गया है, जबकि कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इन जिलों के बदले गए जिलाधिकारी (DM)
प्रशासनिक फेरबदल के तहत जिलाधिकारियों की नई तैनाती इस प्रकार है। गौरांग राठी को डीएम, उन्नाव से डीएम, झांसी बनाया गया है।कुमार हर्ष जो डीएम, सुल्तानपुर थे, उनको डीएम, बुलंदशहर बनाकर भेजा गया है। इसी तरह अरविंद कुमार चौहान को डीएम, शामली से डीएम, सहारनपुर बनाया गया है। वहीं, निधि गुप्ता वत्स को डीएम, अमरोहा से डीएम, फतेहपुर बनाया गया है। घनश्याम मीणा डीएम, हमीरपुर थे, उनको डीएम, उन्नाव बनाया गया है। वहीं, अंजनी कुमार सिंह डीएम, मैनपुरी को डीएम, लखीमपुर खीरी बनाकर भेजा गया है। डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी डीएम, औरैया थे, उन्हें डीएम, मैनपुरी बनाया गया है। इसी तरह मनीष बंसल डीएम, सहारनपुर को डीएम, आगरा बना दिया गया है।
प्रमुख पदों और मंडलों में अहम बदलाव
जिलों की कमान के साथ-साथ शासन स्तर पर भी कई अधिकारियों के विभाग बदले गए हैं।
दुर्गा शक्ति नागपाल : लखीमपुर खीरी की डीएम रहीं दुर्गा शक्ति नागपाल को अब देवीपाटन मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया है।
किंजल सिंह : इन्हें परिवहन आयुक्त पद से हटाकर सचिव, माध्यमिक शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
अरविंद मल्लप्पा बांगरी : आगरा के डीएम पद से हटाकर इन्हें मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है।
हर्षिता माथुर : रायबरेली की डीएम रहीं हर्षिता माथुर को निदेशक, बाल विकास एवं पुष्टाहार नियुक्त किया गया है।
अश्वनी कुमार पांडेय : श्रावस्ती के डीएम रहे अश्वनी कुमार को निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग बनाया गया है।
श्रीमती श्रुति : बुलंदशहर की डीएम रहीं श्रीमती श्रुति को एमडी, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम की कमान सौंपी गई है।
रविंद्र सिंह : फतेहपुर के डीएम रहे रविंद्र सिंह अब विशेष सचिव, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत होंगे।
मृदुल चौधरी : झांसी के डीएम रहे मृदुल चौधरी को विशेष सचिव, पर्यटन विभाग बनाया गया है।
प्रशासनिक सतर्कता पर जोर
माना जा रहा है कि यह फेरबदल आगामी विकास कार्यों और जिलों में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए किया गया है। तबादले के तुरंत बाद सभी अधिकारियों को अपनी नई तैनाती के पदभार को शीघ्र ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार के कदम से प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है, विशेषकर लखीमपुर खीरी और आगरा जैसे बड़े जनपदों में नई नियुक्तियों को अहम माना जा रहा है।

0 Comments
if you have any doubt,pl let me know