UP के विकास को ‘उड़ान’, PM मोदी ने जेवर में किया नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन

Noida International Airport Jewar Inauguration प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। सीएम योगी की मौजूदगी में पीएम ने इसे यूपी के विकास का नया द्वार बताया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, जेवर (गौतम बुद्ध नगर)

भारत के विमानन क्षेत्र में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (NIA) का रिमोट का बटन दबाकर उद्घाटन किया और इसे राष्ट्र को समर्पित किया। यह एयरपोर्ट न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि उत्तर भारत के लिए लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी का सबसे बड़ा केंद्र बनने जा रहा है।

इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री (केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक) तथा केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री समेत कई गणमान्य अतिथि मंच पर उपस्थित रहे।

https://youtube.com/shorts/X_6NBvtRR8g?si=RMk3qL71kbgODctR

मोदी बोले : "यूपी अब अंतरराष्ट्रीय पहचान का केंद्र"

उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्रोजेक्ट को 'गतिशक्ति' और 'आत्मनिर्भर भारत' का प्रतीक बताया।

पीएम मोदी के वक्तव्य के मुख्य अंश

विकास का नया इंजन : "नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर भारत का द्वार बनेगा। यह सिर्फ एक एयरपोर्ट नहीं है, बल्कि रोजगार और विकास का एक ऐसा महाकुंभ है जो आने वाले दशकों में इस पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल देगा।"

कनेक्टिविटी पर जोर : प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के समय यूपी को 'पिछड़ा' कहा जाता था, लेकिन आज वही यूपी एक्सप्रेसवे और इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स के जरिए दुनिया से जुड़ रहा है।

इंफ्रास्ट्रक्चर क्रांति : पीएम ने जोर दिया कि जेवर एयरपोर्ट से आसपास के किसानों, छोटे व्यापारियों और उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा।

सीएम योगी बोले:- संकल्प से सिद्धि की कहानी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए इसे उत्तर प्रदेश के लिए एक 'सपना सच होने' जैसा बताया।

सीएम योगी के वक्तव्य के मुख्य अंश

डबल इंजन की सरकार का कमाल : "साल 2017 से पहले यूपी में केवल 2 एयरपोर्ट क्रियाशील थे, लेकिन आज पीएम मोदी के मार्गदर्शन में यूपी 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य बनने की राह पर है।"

निवेश का बेहतर केंद्र : सीएम ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट के आने से यहाँ लाखों करोड़ों का निवेश आएगा और यूपी की अर्थव्यवस्था 1 ट्रिलियन डॉलर बनाने के लक्ष्य में यह मील का पत्थर साबित होगा।

पारदर्शिता और सुरक्षा : उन्होंने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और किसानों के सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की खास बातें

क्षेत्रफल : लगभग 5,000 हेक्टेयर में चरणबद्ध विकास 

संचालन : ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी (Zurich Airport)

क्षमता : शुरुआती चरण में सालाना 1.2 करोड़ यात्री

खासियत : रह देश का पहला नेट जीरो उत्सर्जन (Zero Emission) एयरपोर्ट होगा

कनेक्टिविटी : सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे, यमुना एक्सप्रेस-वे और मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की सेवा से जुड़ा है।

...तो इसलिए खास है जेवर एयरपोर्ट

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट एशिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों में से एक होगा। इसके शुरू होने से दिल्ली के आईजीआई (IGI) एयरपोर्ट पर दबाव कम होगा। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पर्यटन, निर्यात और औद्योगिक विकास को अभूतपूर्व गति मिलेगी। जेवर में बन रही फिल्म सिटी और मेडिकल डिवाइस पार्क के लिए यह एयरपोर्ट "बैकबोन" का काम करेगा।

Post a Comment

0 Comments