अहमदाबाद (Ahmadabad) के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत-नीदरलैंड मैच के दौरान यूनिसेफ और आईसीसी ने बच्चों के सशक्तिकरण और सुरक्षित खेल स्थलों की आवश्यकता पर जोर दिया। जानें "क्रिकेट फॉर गुड" पहल के बारे में।
ICC T20 World Cup 2026 : यूनिसेफ और आईसीसी ने अहमदाबाद में बच्चों के 'खेलने के अधिकार' के लिए मिलाया हाथ
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो लखनऊ/अहमदाबाद
क्रिकेट के जुनून के बीच आज मानवता और बच्चों के अधिकारों की नई तस्वीर दुनिया के सामने आई। पुरुष टी20 क्रिकेट विश्व कप के दौरान यूनिसेफ (UNICEF) और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की साझेदारी ने बच्चों के सशक्तीकरण और उनके 'खेलने के अधिकार' को वैश्विक मंच पर प्रमुखता से साझा किया है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में "ट्रॉफी वॉक" के जरिये संदेशअहमदाबाद के ऐतिहासिक नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और नीदरलैंड के बीच मुकाबले की शुरुआत एक विशेष "ट्रॉफी वॉक" से हुई। इसमें यूनिसेफ इंडिया की चीफ़ ऑफ़ फ़ील्ड सर्विसेज़ सोलेदाद हेरेरो के साथ अहमदाबाद के दो प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी, 15 वर्षीय रंगी नियति मोहनलाल और 14 वर्षीय रे अंकित उमाशंकरभाई शामिल हुए।
समानता और समावेशन का शक्तिशाली माध्यम है खेल
मीडिया से बात करते हुए सोलेदाद हेरेरो ने खेल के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि समानता और समावेशन का जरिया है। हर बच्चा, चाहे वह कहीं भी हो, एक निष्पक्ष अवसर का हकदार है। हमारा उद्देश्य है कि बच्चों के खेलने के अधिकार को बढ़ावा देना और उन्हें एक बेहतर भविष्य प्रदान करना है।
उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि खेल के माध्यम से बच्चे न केवल शारीरिक रूप से मजबूत होते हैं, बल्कि आलोचनात्मक सोच (Critical Thinking) और समस्या-समाधान (Problem-solving) जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल भी सीखते हैं।
सुरक्षित खेल स्थलों की अपील
यूनिसेफ और आईसीसी ने संयुक्त रूप से समाज, स्कूलों और समुदायों से अपील की है कि बच्चों के लिए खेलने के लिए बेहतर अवसर प्रदान करें। इसके लिए सुरक्षित परिसर व मैदान की भी व्यवस्था कराएं।
- बच्चों के लिए सुरक्षित और भयमुक्त खेल स्थलों का निर्माण करें।
- खेलने के अधिकार को बुनियादी अधिकार के रूप में मान्यता दें।
- लड़कियों और लड़कों दोनों को समान अवसर प्रदान करें।
क्रिकेट फॉर गुड : एक दशक की साझेदारी
यूनिसेफ और आईसीसी साल 2015 से "क्रिकेट फॉर गुड" पहल के माध्यम से साथ काम कर रहे हैं। पिछले 11 वर्षों में इस साझेदारी ने निम्नलिखित मुद्दों पर प्रभावी काम किया है:
- स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता।
- बाल शिक्षा और सशक्तिकरण।
- खेल के माध्यम से लैंगिक समानता।
उभरते सितारों ने बढ़ाई शोभा
ट्रॉफी वॉक का हिस्सा बने रंगी नियति मोहनलाल ने राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का गौरव बढ़ाया है, वहीं अंकित उमाशंकरभाई एक होनहार क्रिकेटर के रूप में उभर रहे हैं। इन युवा चेहरों ने यह साबित किया कि सही अवसर मिलने पर बच्चे किसी भी ऊंचाई को छू सकते हैं।
यूनिसेफ के बारे में भी जानें
यूनिसेफ दुनिया के 190 से अधिक देशों में सबसे वंचित बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए काम करता है। अधिक जानकारी के लिए www.unicef.org पर जाएं।


0 Comments
if you have any doubt,pl let me know