T20 World Cup 2026: सुपर-8 में टीम इंडिया का शेड्यूल तय, जानें कब और किससे होगा मुकाबला

T20 World Cup 2026 के सुपर-8 में भारतीय टीम का कार्यक्रम घोषित! जानें सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत कब दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से भिड़ेगा। पूरी जानकारी यहां पढ़ें

Suryakumar Yadav की कप्तानी में भारत का मिशन सुपर-8

प्रारब्ध न्यूज स्पोर्ट्स डेस्क, लखनऊ 

T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने अपने विजय रथ को आगे बढ़ाते हुए सुपर-8 चरण के लिए जगह पक्की कर ली है। ग्रुप स्टेज में अजेय रहने वाली टीम इंडिया अब खिताब की ओर कदम बढ़ाने के लिए तैयार है। सुपर-8 में भारत का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज जैसी चुनौतियों से होगा।

ग्रुप स्टेज में भारत का दबदबा

'मेन इन ब्लू' ने ग्रुप स्टेज में दमदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीन मैचों में जीत दर्ज की। भारत ने USA, नामीबिया और पाकिस्तान को हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। अब भारतीय टीम 18 फरवरी को अहमदाबाद में नीदरलैंड्स के खिलाफ अपना आखिरी ग्रुप मैच (डेड रबर) खेलेगी, जिसके बाद असली चुनौती शुरू होगी।

सुपर-8 में भारत का पूरा कार्यक्रम (Match Schedule & Venues)

भारत अपने सुपर-8 अभियान की शुरुआत घरेलू मैदानों पर करेगा। यहां देखें भारत के मैचों का पूरा विवरण:-

22 फरवरी : भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका : नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद (गुजरात)।

26 फरवरी : भारत बनाम जिम्बाब्वे : एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई (तामिलनाडु)।

01 मार्च : भारत बनाम वेस्टइंडीज : ईडन गार्डन्स स्टेडियम, कोलकाता (पश्चिम बंगाल)।

आएं जानें कैसे काम करता है सुपर-8 का फॉर्मेट

सुपर-8 चरण का गणित थोड़ा अलग है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले ही आठ टीमों को दो समूहों (ग्रुप-1 और ग्रुप-2) में प्री-सीडिंग के आधार पर बांट दिया गया था।

नियम के अनुसार, कोई टीम अपने ग्रुप में पहले स्थान पर रहे या दूसरे पर, उसे अपने पहले से निर्धारित सुपर-8 ग्रुप में ही जाना होता है।

यदि कोई पूर्व-निर्धारित टीम क्वालीफाई नहीं कर पाती, तो उसी ग्रुप की अगली सर्वश्रेष्ठ टीम को वह स्थान मिलता है।

बड़ा उलटफेर, इस बार ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर

इस वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा चौंकाने वाला पल ऑस्ट्रेलिया का बाहर होना रहा। ग्रुप-बी के समीकरण तब बदल गए जब आयरलैंड और जिम्बाब्वे का मैच बेनतीजा रहा।

मैच रद होने से दोनों टीमों को 1-1 अंक मिला। इससे जिम्बाब्वे के 5 अंक हो गए, जबकि ऑस्ट्रेलिया अधिकतम 4 अंकों तक ही पहुंच सकती थी। परिणामस्वरूप, ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर हो गई और जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में भारत के ग्रुप में जगह बना ली।

टीम इंडिया का इस बार लक्ष्य ट्रॉफी उठाना

अहमदाबाद से कोलकाता तक, टीम इंडिया का लक्ष्य इस बार ट्रॉफी उठाना है। सूर्यकुमार यादव की आक्रामक कप्तानी और फॉर्म में चल रहे खिलाड़ियों के साथ भारत इस समय खिताब का प्रबल दावेदार नजर आ रहा है।

क्या टीम इंडिया बिना कोई मैच हारे सेमीफाइनल में पहुंच पाएगी।


अपनी राय हमें कमेंट में जरूर बताएं!

Post a Comment

0 Comments