लखनऊ के अलीगंज नया हनुमान मंदिर में कैलाश मानसरोवर सेवा समिति द्वारा भव्य भजन संध्या और मानसरोवर यात्रियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। संस्कृति विभाग के कलाकारों ने भजनों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। पूरी रिपोर्ट यहाँ पढ़ें।
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ
राजधानी के अलीगंज स्थित नया हनुमान मंदिर परिसर में कैलाश मानसरोवर सेवा समिति द्वारा भव्य भजन संध्या और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों से आए कैलाश मानसरोवर यात्रियों का स्वागत और सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईएएस विनय कुमार सिंह, विशेष सचिव (धर्मार्थ कार्य) द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने प्रदेश के कोने-कोने से पधारे कैलाश मानसरोवर यात्रियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया। उनकी इस पावन यात्रा की सराहना भी की।
शिव मंदिर निर्माण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार
इस विशेष अवसर पर श्री महावीर जी ट्रस्ट के सचिव श्री राजेश कुमार पांडे ने सभी कैलाश यात्रियों का स्वागत करते हुए अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि कैलाशियों (मानसरोवर यात्रियों) की गरिमामयी उपस्थिति से एकीकृत शिव मंदिर के निर्माण में बड़ी आध्यात्मिक मदद मिलेगी और वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।
भजनों की प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु
संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश के सौजन्य से आयोजित इस भजन संध्या में पं0 मुरलीधर प्रताप दीक्षित और उनकी टीम ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना "गाइए गणपति जगवंदन" से हुई। इसके बाद कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
“श्रीराम तुम्हें मैं खत लिखता पर पता मुझे मालूम नहीं”
“हे शंभू बाबा मेरे भोलेनाथ”
“यह प्रेम सदा भरपूर रहे हनुमान तुम्हारे चरणों में”
“मां शारदे तेरे चरणों की रज धूल जो मिल जाए”
इन कर्णप्रिय भजनों को सुनकर मंदिर परिसर में मौजूद सभी श्रद्धालु शिव और राम की भक्ति में डूब गए।
इन प्रमुख जनों का रहा विशेष सहयोग
इस भव्य और सफल कार्यक्रम को संपन्न कराने में समिति के प्रमुख सदस्यों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा, जिनमें मुख्य रूप से के.के. सिंह, आशुतोष अग्रवाल, डॉ. आरएस भदौरिया, एमपी पाठक, से.नि. एपीएस निंबाड़िया, बेचूराम, डॉ. नित्यानंद दुबे, विनय सक्सेना, संजय तिवारी और अनिल तिवारी शामिल रहे।
समिति के अध्यक्ष ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर कैलाश मानसरोवर सेवा समिति के अध्यक्ष केके सिंह ने कार्यक्रम में पधारे सभी मुख्य अतिथियों, सुदूर जिलों से आए कैलाश यात्रियों, संस्कृति विभाग के कलाकारों और अलीगंज श्री महावीर जी ट्रस्ट की प्रबंधन समिति का हृदय से आभार व धन्यवाद व्यक्त किया।




0 Comments
if you have any doubt,pl let me know