पटना के बापू सभागार में बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी-आरएसएस पर निशाना साधा। पढ़ें पूरी खबर, नाम, और मुख्य अंश।
Bihar Kesri 139th Jayanti: Mallikarjun Kharge targets BJP, praises Dr. Srikrishna Singh in Patna Bapu Sabhaghar
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, पटना
बिहार की राजधानी पटना स्थित ऐतिहासिक बापू सभागार में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं श्रीकृष्ण विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में ‘बिहार केसरी’ सह पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह (श्रीबाबू) की 139वीं जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह का शुभारंभ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह और सांसद मनोज कुमार राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात तमाम दिग्गज नेताओं ने श्रीबाबू के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके योगदान को याद किया।
भाजपा व आरएसएस पर खड़गे का तीखा हमला
समारोह को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "बीजेपी और आरएसएस वाले आज भी दलितों को मनुष्य नहीं मानते। आज़ादी के 80 साल बाद भी देश में छुआछूत की मानसिकता कायम है। जब आप देश की एक बहुत बड़ी आबादी को ही अपना नहीं मानेंगे, तो देश में सच्ची एकता कैसे आ सकती है?"
खड़गे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कई बड़े सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि विदेशों से 100 दिनों में काला धन वापस लाने का वादा कहां गया? किसानों की आमदनी दोगुनी करने की बात हवा हो गई और युवाओं को हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा क्या हुआ? उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा और ज्ञानेश कुमार वोट चोरी कर रहे हैं, और राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवाल अब पूरी तरह सच साबित हो रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्यों में जनादेश और वोट चोरी के जरिए सरकारें बनाई जा रही हैं।
मंदिरों के चढ़ावे और भ्रष्टाचार पर भी किया प्रहार
खड़गे ने कहा कि वे भगवान श्रीराम से प्रार्थना करेंगे कि वे चढ़ावा चुराने वालों को सद्बुद्धि दें और वोट चोरी करने वालों को दंडित करें। जब सरकार से उनके कामकाज का हिसाब मांगा जाता है, तो भाजपा नेता राहुल गांधी का नाम लेकर सदन और जनता का ध्यान भटकाने लगते हैं।
ओजस्वी भाषण के अंत में इन पंक्तियों से जनता में जोश भरा-
“सच की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता,
जनता के हक को यूं मिटाया नहीं जा सकता,
जब जाग जाएगा मुल्क अपने अधिकारों के लिए,
तब किसी तूफान से उसको डराया नहीं जा सकता।”
श्रीबाबू के ऐतिहासिक कार्यों व सामाजिक न्याय को किया याद
कांग्रेस अध्यक्ष ने बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि तमाम विरोधों के बावजूद उन्होंने दलितों को देवघर मंदिर में प्रवेश दिलाया था। जमींदारी उन्मूलन, भूमि सुधार, विशाल उद्योगों की स्थापना, बड़े शिक्षण संस्थानों का निर्माण और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कर उन्होंने आधुनिक बिहार के विकास की मजबूत नींव रखी थी। श्रीबाबू ने हमेशा जाति की नहीं बल्कि समूचे समाज की राजनीति की और सांप्रदायिकता को बिहार के विकास के लिए सबसे बड़ा खतरा माना था।
नेताओं के संबोधन की मुख्य बातें
राजेश राम (बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष): उन्होंने कहा कि केवल महापुरुषों की जयंती मना लेने भर से उनके आदर्श जीवन में नहीं उतरते, बल्कि उनके बताए हुए रास्तों पर चलना पड़ता है। श्रीबाबू के समतामूलक समाज के सपने को साकार करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह (राज्यसभा सांसद एवं कार्यक्रम संयोजक): उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह ने अपने कार्यकाल में बिहार के विकास के लिए जो मिसाल पेश की, वह यह साबित करती है कि अगर सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति हो तो विकास की रफ्तार को पंख लग सकते हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रो. रामजतन सिन्हा ने भी संबोधित किया।
समारोह में इन प्रमुख नेताओं की रही उपस्थिति
इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें डॉ. शकील अहमद खान (पूर्व सीएलपी), अजित शर्मा (पूर्व सीएलपी), अवधेश कुमार सिंह (पूर्व विधायक), प्रणव झा (राष्ट्रीय प्रवक्ता), अजय कुमार पासवान (मीडिया विभाग के चेयरमैन) , असित नाथ तिवारी (प्रदेश मीडिया संयोजक) , मनोज विश्वास (विधायक), सुरेंद्र कुशवाहा (विधायक), वीणा शाही (पूर्व विधायक), आनंद शंकर (पूर्व विधायक), नीतू कुमारी (पूर्व विधायक) और संजीव कुमार टोनी (पूर्व विधायक) और धर्मवीर शुक्ल शामिल हुए।
समारोह के अंत में वक्ताओं ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि श्रीबाबू के विचार, सामाजिक न्याय का मार्ग और एक समतामूलक बिहार का सपना ही कांग्रेस पार्टी की राजनीति की असली दिशा और मार्ग है।




0 Comments
if you have any doubt,pl let me know