Venezuela Crisis वेनेजुएला संकट का यूपी पर असर: 500 करोड़ के ऑर्डर फंसे, कानपुर के लेदर और दवा निर्यातकों की बढ़ी टेंशन

वेनेजुएला और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव ने यूपी के निर्यातकों की चिंता बढ़ा दी है। सप्लाई चेन ठप होने से ब्राजील जैसे बड़े बाजारों में दवाइयों और लेदर के ₹500 करोड़ के ऑर्डर रुक गए हैं। जानिए फियो (FIEO) का इस संकट पर क्या कहना है।

प्रारब्ध न्यूज डेस्क, लखनऊ 

अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते राजनीतिक तनाव ने न केवल दक्षिण अमेरिकी देशों, बल्कि भारतीय निर्यातकों के लिए भी चिंता बढ़ा दी है। उत्तर प्रदेश के निर्यातकों के लिए यह समय बहुत चुनौतीपूर्ण है। करीब 200 से 500 करोड़ रुपये के ऑर्डर अब रुके हुए हैं।

सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित

फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (FIEO) के सहायक निदेशक आलोक श्रीवास्तव के अनुसार, भारत वेनेजुएला को बहुत अधिक माल नहीं भेजता। दोनों देशों के बीच तनाव से पूरे क्षेत्र की सप्लाई चेन प्रभावित हो रही है। इसका सबसे बड़ा असर भारत से ब्राजील और टोगो जैसे देशों को होने वाले निर्यात पर पड़ रहा है।

ये हैं मुख्य वजहें 

बड़ा बाजार : ब्राजील यूपी के लिए एक महत्वपूर्ण मार्केट है। कानपुर से वहां लेदर उत्पाद, जूते और बैग भेजे जाते हैं।

निर्यात उत्पाद : भारत मुख्य रूप से दवाइयां, सुरक्षा उपकरण, तैयार कपड़े व खाद्य पदार्थों का निर्यात करता है।

अनुमानित नुकसान : पिछले एक महीने से ऑर्डर न जाने से लगभग 200 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है।

संकट में कानपुर का लेदर उद्योग 

कानपुर के निर्यातक इस स्थिति से सबसे अधिक प्रभावित हैं। लेदर कारोबारी तनवीर आलम ने कहा कि वे पहले से कई समस्याओं का सामना कर रहे थे। अब वेनेजुएला संकट ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्हें उम्मीद है कि सरकार इस दिशा में कुछ राहत देने वाले कदम उठाएगी।

वहीं, काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट के पूर्व चेयरमैन मुख्तारुल अमीन ने निर्यातकों को सलाह दी है कि वे मौजूदा स्थिति को देखते हुए अपना ध्यान अन्य सुरक्षित बाजारों पर लगाएं। इससे नुकसान की भरपाई की जा सकती है।

निर्यातकों के पास कोई विकल्प नहीं

सालाना करीब 1,000 करोड़ रुपये का माल इन क्षेत्रों में निर्यात होता है। इसलिए निर्यातकों के पास फिलहाल इंतजार करने के सिवा कोई विकल्प नहीं है। विशेषज्ञ अब टोगो और ब्राजील जैसे वैकल्पिक रास्तों और बाजारों को प्राथमिकता देने की सलाह दे रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments