प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, प्रयागराज
प्रयागराज में माघ मेला 2026 का भव्य शुभारंभ हो गया है। पहले स्नान पर्व पर संगम तट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालु ब्रह्म मुहूर्त से ही पवित्र संगम में डुबकी लगाते नजर आए। प्रशासन के अनुमान के अनुसार पहले स्नान पर्व पर 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया।
पूर्णिमा तिथि की शुरुआत सुबह 4 बजे से होते ही संगम क्षेत्र "हर-हर गंगे" और "जय तीर्थराज प्रयाग" के जयघोष से गूंज उठा। देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस वर्ष का माघ मेला धार्मिक दृष्टि से बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि 75 वर्षों बाद एक दुर्लभ शुभ संयोग बन रहा है। इसी कारण श्रद्धालुओं की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि देखी जा रही है।
माघ मेले के साथ ही कल्पवास की भी शुरुआत हो गई है। अनुमान है कि 20 से 25 लाख कल्पवासी एक माह तक संगम तट पर रहकर नियम, संयम और साधना के साथ कल्पवास करेंगे। कल्पवासी प्रतिदिन स्नान, दान, जप और सत्संग के माध्यम से आध्यात्मिक जीवन का पालन करेंगे।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और यातायात की अच्छी व्यवस्था की है। पुलिस और मेला प्रशासन लगातार निगरानी रखे हुए हैं ताकि माघ मेला 2026 शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

0 Comments
if you have any doubt,pl let me know