Lucknow में बाइक पर पीछे बैठे दोस्त ने युवक का गला रेतकर की हत्या, पत्नी से अवैध संबंध का आरोप

लखनऊ के उतरेटिया चौराहे पर बाइक सवार युवक की उसके ही दोस्त ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। पत्नी से अवैध संबंध के चलते वारदात को अंजाम देने का आरोप, आरोपी व पत्नी हिरासत में।

इस बाइक पर सवार युवक को दोस्त ने चाकू से गोदा।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 

राजधानी लखनऊ के पीजीआइ थाना क्षेत्र अंतर्गत उतरेटिया चौराहे के पास मंगलवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बाइक चला रहे युवक की उसके ही करीबी दोस्त ने पीछे बैठे-बैठे चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। अचानक हुए हमले से युवक सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।


अपर पुलिस आयुक्त (दक्षिणी) आर वसंत कुमार ने बताया कि हत्या के पीछे प्रेम संबंध का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी और आरोपी के बीच कथित अवैध संबंध थे, इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपी और मृतक की पत्नी दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


मृतक की पहचान 28 वर्षीय प्रदीप सिंह परिहार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कानपुर देहात जिले के रूरा गांव का रहने वाला था। वह वर्तमान में उतरेटिया क्षेत्र में संदीप पाल के मकान में अपनी पत्नी पूजा के साथ किराये पर रहता था। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे प्रदीप बाइक से शहीद पथ सर्विस लेन होते हुए उतरेटिया की ओर जा रहा था। बाइक प्रदीप चला रहा था, जबकि पीछे उसका करीबी दोस्त रामतीर्थ बैठा हुआ था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रास्ते में अचानक बाइक रुकी और उसी दौरान पीछे बैठे रामतीर्थ ने चाकू जैसे धारदार हथियार से प्रदीप के गले पर ताबड़तोड़ दस से अधिक वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल प्रदीप बाइक से गिर पड़ा और खून से लथपथ हालत में तड़पता रहा। कुछ ही देर में उसकी मौके पर मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। सूचना पर पीजीआइ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल से प्रदीप की बाइक और हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

घटना की जानकारी मिलने पर मृतक की पत्नी पूजा भी मौके पर पहुंची और पति का शव देखकर रोने लगी। हालांकि, पूछताछ के दौरान प्रेम संबंध की बात सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया है। पुलिस स्थानीय लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments