Lucknow Airport flight Cancelled and Delay घने कोहरे से कई उड़ानें रद व लेट, यात्रियों को परेशानी

लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे पर दृश्यता बहुत ही कम रही।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ

राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को घने कोहरे और खराब मौसम का सीधा असर हवाई यातायात पर देखने को मिला। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता बेहद कम रहने के कारण कई उड़ानें लेट रहीं, जबकि कुछ को रद करना पड़ा। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे पर छाया घना कोहरा।

दिल्ली से लखनऊ आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट IX-2171 खराब मौसम के कारण लैंड नहीं कर सकी। विमान ने लखनऊ के आसमान में करीब 17 चक्कर लगाए, लेकिन रनवे पर दृश्यता मात्र 10 मीटर रहने के चलते पायलट को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। अंततः सुरक्षा कारणों से फ्लाइट को वापस दिल्ली भेज दिया गया।

इसके अलावा लखनऊ से रियाद जाने वाली फ्लाइट रद कर दी गई। मुंबई से लखनऊ आने वाली इंडिगो की फ्लाइट निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंची। वहीं, रियाद से आने वाली फ्लाइनेस की उड़ान भी लेट रही।

हैदराबाद, किशनगढ़ और झारसुगुड़ा से लखनऊ आने वाली उड़ानें भी मौसम की मार से नहीं बच सकीं। 


झारसुगुड़ा से आने वाली फ्लाइट करीब 2 से 3 घंटे की देरी से पहुंची, जबकि अन्य शहरों से आने वाली उड़ानों में भी घंटों का विलंब हुआ। इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, लगातार उड़ानों के लेट और रद होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। कई यात्रियों ने जानकारी के अभाव और लंबा इंतजार होने पर नाराजगी जताई। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार मौसम में सुधार होने के बाद ही हवाई संचालन सामान्य हो सकेगा। घने कोहरे की वजह से कई फ्लाइट रद करनी पड़ी, जबकि कई फ्लाइट काफी विलंब से लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड कीं। 

Post a Comment

0 Comments