UP Republic Day : लखनऊ में 77वां गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा

लखनऊ के जनभवन में धूमधाम से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। देखें परेड, भव्य झांकियां और आसमान से हुई फूलों की बारिश का पूरा विवरण।

हर जुबां से निकला जन-गण-मन..., राज्यपाल ने जनभवन के समक्ष डोरी खींच कर फहराया राष्ट्रीय ध्वज

राष्ट्रगान की धुन के साथ आसमान से की गई फूलों की बारिश

राज कृष्ण पाण्डेय, लखनऊ 

देश का 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार को प्रदेश की राजधानी में धूमधाम से मनाया गया। जनभवन के सामने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने डोर खींच कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस दौरान मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक मौजूद रहे। 

राष्ट्रीय ध्वज फहराने के उपरांत राज्यपाल ने परेड की सलामी ली। साथ ही मनोरम झांकियों का अवलोकन किया।

ध्वजारोहण के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। इसके अलावा जिले में जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रध्वज फहराया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। 

26 जनवरी की अलसुबह से ही नजारा कुछ बदला सा था। सूर्यदेव की सुनहरी आभा से दमकती सुबह कुछ और कहानी गढ़ रही थी। हर तरफ लाउडस्पीकरों पर देशभक्ति गीतों का शोर..., उल्लास और उमंग से भरे लोग... सड़कों पर भागमभाग...हां, कुछ ऐसा ही नजारा था। मौका था गणतंत्र दिवस पर जन भवन के सामने निकलने वाली परेड का। किसी को भी खुद की फिक्र नहीं थी, चिंता थी तो केवल इस बात की कहीं देर न हो जाए। जहां लोग अपनी मस्ती में खोए थे, वहीं पूरे शहर में राष्ट्रीय पर्व पर अमन-चैन बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस, सीआरपीएफ, आरएफ, पैरा मिलट्री फोर्स ने मोर्चा संभाल रखा था। स्थान था जन भवन...प्रतीक्षा खत्म होती है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के आगमन की घोषणा होती है। मुख्य़मंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करते हैं। राज्यपाल डोर खींच कर राष्ट्रध्वज फहराती है। इसके साथ ही जहां धरती पर राष्ट्रगान जन-गण-मन.. की धुन वातावरण में गूंज उठती है। आसमान से हेलीकॉप्टर से पूष्पों की बारिश शुरू हो जाती है। अद्भुत...अनुपम...। 

इसके साथ ही शुरू होता है सेना के विभिन्न अंगों, पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनसीसी, स्काउट-गाइड व विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा ताल से ताल मिलाकर मार्च पास्ट और झांकियों का प्रदर्शन।

विभिन्न सरकारी विभागों, विद्यालयों और स्वयंसेवी संगठनों की झांकियों ने तो जैसे नजरें ही बांध दी। एक पल भी पलकें झपकने का नाम ही नहीं ले रहीं थीं, मानों कोई दृश्य आखों से ओझल न हो जाए।

नेपथ्य में बिस्मिल्लाह खां की शहनाई जैसे पूरे माहौल में चार चांद लगा रही थी। 

कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने तिरंगे गुब्बारे उड़ाकर समापन किया। गुब्बारे भी राष्ट्रीय ध्वज से जाकर लिपट गए, मानों वे भी ध्वज को अपनी सलामी दे रहे हों।


#77वां गणतंत्र दिवस लखनऊ (77th Republic Day Lucknow)

#राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ध्वजारोहण (Governor Anandiben Patel Flag Hoisting)

#जनभवन गणतंत्र दिवस परेड (Jan Bhawan Republic Day Parade)

#यूपी गणतंत्र दिवस समारोह 2026 (UP Republic Day Celebration 2026)।


Post a Comment

0 Comments