Kanpur News: IIT कानपुर में अर्थ साइंस के पीएचडी छात्र ईश्वर राम ने आत्महत्या कर ली। 6वीं मंजिल से कूदने के बाद अस्पताल में मौत, दो साल में 9वीं घटना।
Kanpur IIT में पीएचडी छात्र की आत्महत्या, 6वीं मंजिल से कूदकर दी जान; एक महीने में दूसरा मामलाप्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, कानपुर
उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT कानपुर) से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। संस्थान के एक पीएचडी छात्र ने कॉलेज की इमारत की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र की पहचान ईश्वर राम के रूप में हुई है, जो अर्थ साइंस विभाग से पीएचडी कर रहा था। इस घटना के बाद पूरे IIT कैंपस में हड़कंप मच गया है और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
![]() |
| दिवंगत छात्र ईश्वर राम। फाइल फोटो |
बताया जा रहा है कि 25 वर्षीय ईश्वर राम राजस्थान के चुरू जिले का रहने वाला था। वह काफी समय से एंजाइटी और मानसिक तनाव की समस्या से जूझ रहा था। इसी कारण उसकी पत्नी और छोटी बच्ची भी उसके साथ IIT कैंपस में ही रह रही थीं, ताकि उसे भावनात्मक सहारा मिल सके। ईश्वर राम की पत्नी ने भी पुलिस को दिए बयान में उसके लंबे समय से तनाव में रहने की बात स्वीकार की है।
IIT कानपुर में यह आत्महत्या का कोई पहला मामला नहीं है। एक महीने के भीतर यह दूसरी आत्महत्या की घटना है। इससे पहले 29 दिसंबर को कैंपस हॉस्टल में बीटेक फाइनल ईयर के छात्र जय सिंह मीणा ने भी आत्महत्या कर ली थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से संस्थान की छवि पर सवाल उठ रहे हैं और छात्रों में डर व असुरक्षा का माहौल है।
चिंताजनक बात यह है कि पिछले दो वर्षों में IIT कानपुर में आत्महत्या की यह नौवीं घटना है। दिसंबर 2023 से जनवरी 2024 के बीच ही तीन छात्रों ने अपनी जान दे दी थी। इन घटनाओं के बाद संस्थान प्रशासन ने छात्रों से संवाद के लिए ओपन हाउस मंच आयोजित किया था और काउंसलिंग सेंटर में मनोविज्ञानियों की संख्या भी बढ़ाई गई थी। इसके बावजूद आत्महत्या की घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहन जांच कर रही है। वहीं, यह घटना एक बार फिर देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों के मानसिक दबाव, प्रतिस्पर्धा और सहायता व्यवस्थाओं पर गंभीर बहस को जन्म दे रही है।


0 Comments
if you have any doubt,pl let me know