Lucknow News : दशमेश पब्लिक स्कूल में गणतंत्र दिवस समारोह में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन

दशमेश पब्लिक स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, नृत्य व जपुजी साहिब प्रतियोगिता से कार्यक्रम को यादगार बनाया।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 

दशमेश पब्लिक स्कूल के प्रांगण में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए बैंड प्रदर्शन के साथ हुई, जिसके पश्चात “देह सिवा बरु मोहि इहै” शब्द के मधुर उच्चारण के साथ ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के बाद विद्यालय परिसर में राष्ट्रगान गाया गया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य सर्वजीत कौर, विद्यालय प्रबंधक सरदार निर्मल सिंह, विद्यालय के पीआरओ सुरजीत सिंह राजपाल, दमनजीत सिंह सेठी, उजागर सिंह, त्रिलोक सिंह टुटेजा, चरनजीत सिंह, हरजीत सिंह सरला, रतपाल सिंह गोल्डी, त्रिलोक सिंह बहल, गुरमीत सिंह गांधी, आईएमएस चावला, गुरमीत सिंह रिशी, महिंदर सिंह, अजीत सिंह, राजेंद्र सिंह राजू सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सरदार निर्मल सिंह के संबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि यह दिन हमें संविधान की गरिमा, समानता और कर्तव्यबोध की याद दिलाता है। उन्होंने बच्चों से अनुशासन, परिश्रम और ईमानदारी को जीवन में अपनाने की अपील की।

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान विद्यालय में आए मुख्य अतिथियों का विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए सुंदर पेपर बुके भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अभिषेक कुमार, मुख्य प्रबंधक (विजिलेंस) भारतीय स्टेट बैंक, प्रधान कार्यालय लखनऊ तथा विशिष्ट अतिथि सोनिका सिंह, अधिवक्ता, कोहिमा उच्च न्यायालय, नागालैंड एवं गुवाहाटी उच्च न्यायालय (कोहिमा पीठ) को विद्यालय की प्रधानाचार्य सर्वजीत कौर, विद्यालय प्रबंधक सरदार निर्मल सिंह एवं पीआरओ सुरजीत सिंह राजपाल द्वारा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य से किया गया। बच्चों की मासूम अदाओं और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित भाषण, नृत्य एवं पारंपरिक भांगड़ा प्रस्तुत कर समां बांध दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं और पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

गणतंत्र दिवस समारोह को विशेष एवं यादगार बनाने के उद्देश्य से विद्यालय के पीआरओ सुरजीत सिंह राजपाल की देखरेख में बच्चों को आध्यात्मिकता से जोड़ने हेतु श्री गुरु नानक देव जी की पावन बाणी “जपुजी साहिब” का कंठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में सरदार उजागर सिंह, शरनजीत कौर, कुलवंत कौर, हरजीत कौर तथा विद्यालय की अध्यापिका रविंदर कौर गांधी का विशेष योगदान रहा, जिन्हें प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पीआरओ सुरजीत सिंह राजपाल द्वारा मेडल देकर सम्मानित किया गया, वहीं प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष सम्मान चिह्न प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की और उन्हें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति, संस्कार और आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं।

विद्यालय प्रबंधक सरदार निर्मल सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा आयोजित यह समारोह न केवल देशभक्ति का संदेश देता है बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में भी सहायक है। उन्होंने अध्यापिकाओं एवं विद्यार्थियों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। वहीं, प्रधानाचार्य सर्वजीत कौर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार राष्ट्रीय पर्वों को उत्साहपूर्वक मनाता रहेगा।

समारोह के अंत में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों एवं अभिभावकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम की सराहना की। पूरे कार्यक्रम का संचालन अनुशासन एवं गरिमा के साथ किया गया, जिससे यह आयोजन विद्यालय के इतिहास में एक यादगार क्षण बन गया।

Post a Comment

0 Comments