![]() |
| ठंड से बचाव के लिए सड़क किनारे अलाव तापते राहगीर। |
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ
सर्द हवाओं ने ठिठुरन और गलन बढ़ा दी है। इस समय उत्तर प्रदेश में हिमाचल प्रदेश के शिमला और उत्तराखंड के नैनीताल से अधिक ठंड पड़ रही है। शीतलहर की वजह से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आमजन से लेकर पशुओं को ठंड से बचाव के लिए हर संभव इंतजाम करने के आदेश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार सुबह 6.30 बजे बरेली-कानपुर समेत कई शहरों का तापमान सात डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो शिमला के तापमान 11°C और नैनीताल के तापमान 10°C की तुलना में कम रहा है। वहीं, जालौन में शीतलहर को देखते हुए गौशालाओं में हीटर लगवाए गए हैं। अलाव जलाए गए हैं।
कानपुर में ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी है। रात का तापमान एक बार फिर लुढ़क गया है। न्यूनतम तापमान 24 घंटे में 3.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जो घटकर 6.4 डिग्री पर पहुंच गया है, जिससे कानपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।
हालांकि बीते दिनों की तुलना में रविवार सुबह कोहरा कम रहा। कोहरा भले ही कम रहा हो, लेकिन बर्फीली हवा से गलन बढ़ गई है। कोहरा कम होने से विजिबिलिटी (दृश्यता) 200 मीटर से ज्यादा रही।
रविवार सुबह से 28 जिलों में घना कोहरा छाया है। कई जगहों पर विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई है। ज्यादातर शहरों में धूप नहीं निकली है। मौसम विभाग ने लखनऊ, अयोध्या, बाराबंकी और सीतापुर समेत पूरे अवध क्षेत्र के लिए अगले 2 दिन भीषण ठंड और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के अधिकतर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पिछले चार दिनों से जारी घने से बहुत घने कोहरे में आगामी 24 घंटों में थोड़ी कमी आ सकती है। साथ ही तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने से सोमवार को शीत दिवस की स्थितियों से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के उपरांत 24 दिसंबर से कोहरे के घनत्व में बढ़ोतरी होगी और तापमान में फिर से 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने को संभावना है।
इन जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट
कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामती, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर एवं आसपास के इलाकों में घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम होने पर जब अधिकतम तापमान का सामान्य से अधिक कम यानी माइनस (-) 4.5 डिग्री से माइनस (-) 6.4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की स्थिति को शीत दिवस कहते हैं। अगर अधिकतम तापमान में गिरावट सामान्य से माइनस (-) 6.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो तो उसे अत्यंत शीत दिवस कहते हैं।
अति शीत दिवस की संभावना वाले क्षेत्र
इन क्षेत्रों में बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रवस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बरेली, पीलीभीत, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास अति शीत दिवस की संभावना जताई गई है।
70 से ज्यादा ट्रेनें लेट
कोहरे की वजह लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, बरेली समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर 70 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रही हैं। एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स लेट हैं। ठंड की वजह से पिछले दिनों से 11 शहरों में स्कूल बंद हैं। लखनऊ समेत 10 जिलों में स्कूलों की टाइमिंग भी बदल दी गई है।
3 दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार :-
22 दिसंबर :- पूर्वी यूपी में घना कोहरा छाया रहेगा। पश्चिमी यूपी में हल्का कोहरा छाया रह सकता है। मौसम शुष्क रहेगा। कहीं-कही पर बादल भी देखने को मिल सकते हैं।
23 दिसंबर :- पूर्वी यूपी में मध्यम कोहरा छाया रहेगा। पश्चिमी यूपी में घने कोहरे का अलर्ट रहेगा। दृश्यता शून्य से 100 मी. तक रह सकती है।
24 दिसंबर :- पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, कहीं-कहीं पर हल्का कोहरा देखने को मिला है।

0 Comments
if you have any doubt,pl let me know