Samajwadi Party : सपा सांसद ने निजी क्षेत्र की नौकरियों व निजी शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश के लिए आरक्षण को पेश किए विधेयक

आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेन्द्र यादव।



आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेन्द्र यादव ने लोकसभा में दो प्राइवेट मेंबर बिल पेश किए 





प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 



समाजवादी पार्टी (सपा) के आजमगढ़ से सांसद धर्मेंद्र यादव ने लोकसभा में दो प्राइवेट मेंबर बिल (निजी सदस्य विधेयक) पेश किए। पहला विधेयक निजी क्षेत्र की नौकरियों में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और पिछड़ा वर्ग (OBC) आरक्षण को सुनिश्चित करने का है। वहीं, दूसरा निजी, सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश के लिए आरक्षण अनिवार्य करने का प्रस्ताव पेश किया है।


सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि आज मेरे लिए ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि आंबेडकर–लोहिया के विचारों और श्रद्धेय नेताजी के मार्ग पर चलते हुए, अखिलेश यादव जी के नेतृत्व में मैंने संसद में दो प्राइवेट मेंबर विधेयक पेश किए। ये विधेयक सामाजिक न्याय को सरकारी दफ़्तरों की बंद दीवारों से निकालकर देश के हर क्षेत्र तक पहुँचाने का प्रयास है। पहला विधेयक निजी क्षेत्र की नौकरियों में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और पिछड़ा वर्ग (OBC) आरक्षण को सुनिश्चित करने के लिए है। दूसरा निजी, सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश के लिए आरक्षण अनिवार्य करने का प्रस्ताव रखता है।



ये दोनों विधेयक उस असमानता पर सीधा प्रहार हैं, जिसने शिक्षा और रोज़गार को मुनाफ़ा केंद्रित बाज़ार में कैद कर दिया है। जब अर्थव्यवस्था और शिक्षा का बड़ा हिस्सा निजी नियंत्रण में है, तब प्रतिनिधित्व के बिना समान अवसर सिर्फ़ एक छलावा बन जाता है। यह कदम संविधान की आत्मा यानी समानता, न्याय और सामाजिक लोकतंत्र को मजबूत करता है। साथ ही मंडल आंदोलन की ऐतिहासिक लड़ाई को और आगे बढ़ाता है। निजी क्षेत्र में आरक्षण अवसरों का लोकतंत्रीकरण करता है, जो एक समतामूलक, मज़बूत और न्यायपूर्ण भारत की नींव है।

Post a Comment

0 Comments