Gorakhpur : प्रदेश की सबसे बुजुर्ग शेरनी मरियम का गोरखपुर के चिड़ियाघर में निधन

0
दिवंगत बाघिन मरियम की फोटो।



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, गोरखपुर


शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान (चिड़ियाघर) में रह रही प्रदेश की सबसे बुजुर्ग शेरनी (मरियम) का सोमवार को निधन हो गया। वह 18 वर्ष की थी। मरियम कई दिनों से बीमार थी। उसने खाना-पीना भी छोड़ दिया था। चिड़ियाघर प्रशासन ने इसकी जानकारी शासन और राज्य चिड़ियाघर प्राधिकरण को दी है। साथ ही उसे अंतिम श्रद्धांजलि भी दी गई।


गोरखपुर चिड़ियाघर की शुरुआत पर वर्ष 2021 में मरियम को इटावा से यहां लाया गया था। जब वह यहां आई थी तब वह 15 वर्ष की थी। दो वर्षों तक उसने चिड़ियाघर के बाड़े में रहकर दर्शकों का मनोरंजन किया। जुलाई, 2023 में उम्र ज्यादा होने पर चिड़ियाघर प्रशासन ने उसे बाड़े से हटाकर नाइट सेल में रख दिया। तब से वह वहीं रह रही थी।


चिड़ियाघर के वरिष्ठ पशु चिकित्सक डा. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि मरियम एक महीने से बीमार चल रही थी। उसे पाइप के सहारे पानी पिलाया जा रहा था। मुंह में बिना हड्डी वाला मांस खिलाने पर वह खा भी रही थी। लेकिन, डेढ़ सप्ताह से वह गर्दन नहीं उठा पा रही थी। पानी पीना और भोजन करना भी बंद कर दिया था। सोमवार को उसका निधन हो गया। प्रभारी निदेशक/ डीएफओ विकास यादव ने बताया की श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मरीयम का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top