Meerut and Saharanpur Polling : सहारनपुर और बिजनौर में सुबह से शांतिपूर्ण मतदान, मतदाता उत्साहित

0

सुबह 11 बजे तक


सहारनपुर में 27.53 प्रतिशत मतदान और बिजनौर में 24.51 प्रतिशत मतदान




प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, मेरठ



उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बिजनौर जिले की आठ और सहारनपुर जिले की सात विधानसभा सीटों के लिए आज यानी सोमवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू है। मतदान के शुरुआती दौर में कुछ बूथों पर ईवीएम में खराबी की वजह से कुछ समय के लिए मतदान प्रभावित हुआ। ऐसे में कुछ ईवीएम को दुरुस्त कराया गया, जबकि कुछ को बदलकर मतदान शुरू कराया गया। मतदाता वोटिंग करने के लिए उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। बूथों पर लंबी लाइनें लगी हैं। सुबह 11 बजे तक सहारनपुर जिले में 27.53 प्रतिशत मतदान, जबकि बिजनौर में 24.51 प्रतिशत मतदान हो चुका था। 




दोनों जिलों में बनाए गए पिंक और माडल बूथों पर मतदाताओं की सुबह से लंबी लाइन लगी हुई है। प्रत्याशी भी परिवार के साथ अपना वोट डाल रहे हैं। युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। 




सौ साल के बुजुर्ग तक मतदान करने पहुंच रहे हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में सहारनपुर की सात सीट में से भाजपा चार, सपा एक व कांग्रेस दो सीट पर विजयी रही थी। बिजनौर की आठ सीट में से भाजपा ने छह और सपा ने दो सीटें जीती थीं। दोनों जिलों की 15 सीटों पर कुल 160 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 




आज हो रहे मतदान में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। सहारनपुर में पूर्व मंत्री व सपा प्रत्याशी डा. धर्म सिंह सैनी नकुड़ विधानसभा सीट से मैदान में हैं। देवबंद सीट पर भाजपा ने वर्तमान विधायक कुंवर बृजेश सिंह पर दांव लगाया है। सपा से पूर्व मंत्री संजय गर्ग सहारनपुर शहर सीट से किस्मत आजमा रहे हैं। धर्म सिंह सैनी चुनाव घोषणा से कुछ दिन पहले ही भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए थे। 




इमरान मसूद भी कांग्रेस छोड़कर सपा में चले गए थे। बिजनौर में पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री भारतेंद्र सिंह भाजपा से नजीबाबाद सीट से मैदान में हैं वहीं पूर्व सांसद एवं मंत्री डा. यशवंत सिंह को भी भाजपा ने नगीना सुरक्षित सीट से मैदान में उतारा है। पूर्व मंत्री मूलचंद चौहान बसपा से धामपुर सीट से मैदान में हैं, पूर्व विधायक रुचि वीरा बसपा से बिजनौर सदर सीट से मैदान में हैं। गत विधानसभा चुनाव में सहारनपुर में 73.06 प्रतिशत व बिजनौर में 66.84 प्रतिशत मतदान हुआ था।




बारात निकलने से पहले मतदान


सहारनपुर के देवबंद विधानसभा क्षेत्र के खजूरी गांव निवासी रजत की आज शादी है। बरात देवबंद के ही सूबरी गांव में जानी है। दूल्हे रजत ने बरात ले जाने से पहले गांव के ही मतदान केंद्र पर मतदान क‍िया।




मतदान से रोकने की सूचना पर बड़ी सक्रियता


ब‍िजनौर के धामपुर में केएम इंटर कालेज के बूथ संख्या-74 पर मतदान करने से रोकने संबंधी एक ट्वीट से हड़कंप मच गया। प्रेक्षक अभिजीत बरुआ और सीओ धामपुर अजय अग्रवाल मौके पर पहुंच गए। सीओ ने बताया क‍ि जांच में सूचना पूरी तरह झूठी पाई गई है। कहा कि अफवाह फैलाने वालों के ख‍िलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


नीचे वीडियो पर क्लिक कर जानिए पुलिस ने क्या बताया।

👇



Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top