अदम्य साहस : तेंदुए के जबड़े से बच्ची को खींच लाई मां

0

गंभीर हालत में बच्ची को सीएससी से जिला अस्पताल किया रेफर


वन कर्मचारियों ने गांव का मुआयना कर शुरू की कांबिंग



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, बहराइच


जब-जब संतान की जान पर बन आती है, मां अपना देवी स्वरूपा रौद्र रूप धर कर बचाने के लिए उतर आती है। बुधवार शाम को जिले के नानपारा रेंज के गिरदा गांव में ऐसा साक्षात देखने को मिला। जब बुधवार शाम को घर के आंगन में खेल रही बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया। मां रीना देवी तेंदुए से भिड़ गईं, पांच मिनट के संघर्ष के बाद उसे तेंदुए के जबड़े से छुड़ाने में कामयाब रहीं। इस दौरान बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को परिवारीजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर ले गए, जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

बहराइच वन प्रभाग के नानपारा रेंज का गिरदा गांव जंगल से सटा हुआ है। बुधवार शाम छह बजे गांव निवासी राकेश की पांच वर्षीय पुत्री काजल घर के आंगन में खेल रही थी। तभी जंगल से निकल कर आए तेंदुए ने घर में छलांग लगा दी। बच्ची को तेंदुआ जबड़े में दबोचकर बाहर ले जाने लगा। उसकी चीख सुनकर दौड़ी मां ने शोर मचाया और तेंदुए से संघर्ष करने लगी। उसने लगातार डंडे से वार करना शुरू किया। यह संघर्ष तकरीबन पांच मिनट चला।  

इस दौरान मां ने बेटी काजल को छुड़ा लिया। अन्य परिवारजन को आता देख तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। तेंदुए के हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर में तेंदुए के पंजे के गहरे जख्म बन गए हैं। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल बच्ची को सीएचसी नानपारा पहुंचाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वन क्षेत्राधिकारी राशिद जमील टीम के साथ गांव पहुंच गए हैं। वनकर्मी गांव में गश्त कर रहे हैं। 


डीएफओ की अलग राय

 

डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली। गांव में वन कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। बच्ची के चेहर पर पंजे के निशान ज्यादा हैं। इसलिए प्रतीत हो रहा है कि तेंदुए के बजाय भेड़िया के हमला लग रहा है। जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को सजग कर दिया गया है।


घरों में दरवाजे नहीं 


रेंजर राशिद जमील का कहना है कि गांव के लोग बाढ़ का बहाना बनाकर जंगल के किनारे रहते हैं। उनके घरों में दरवाजे नहीं है। इस वजह से हिंसक वन्य जीवों से उनकी रक्षा करने में मुश्किल आ रही है।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top