UP Assambely Election : लखनऊ में संबित पात्रा बोले- अखिलेश जी अभी ओपनियन पोल बेकार लग रहे, 10 मार्च के बाद ईवीएम भी लगेंगे खराब

0

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. संबित पात्रा की प्रेसवार्ता में निशाने पर रहे सपा मुखिया

प्रेसवार्ता को संबोधित करते डा. संबित पात्रा।


प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ


उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी समाजवादी पार्टी के मुखिया पर लगातार हमलावर है। अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिख कर ओपिनियन पोल पर रोक लगाने की मांग की है। अखिलेश जी सारे ओपनियन पोल आपको बेकार लग रहे हैं, 10 मार्च के बाद ईवीएम भी खराब लगेंगे। 10 मार्च को ईवीएम पर भी बरसेंगे कि ईवीएम खराब था, इसलिए हार गए। इन्हें जनता के ओपिनियन पोल और न संवैधानिक संस्थाओं से मतलब है। इनको केवल और केवल गुंडई से मतलब है। यह बातें सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने कहीं।


प्रेसवार्ता को संबोधित करते डा. संबित पात्रा।

उन्होंने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को घेरते हुए कहा कि जो पाकिस्तान से करे प्यार, वह पाकिस्तान से कैसे करे इन्कार! उन्होंने कहा कि रविवार सुबह अखिलेश यादव का एक इंटरव्यू पढ़ा, जिसमें उन्होंने भारत का असली दुश्मन पाकिस्तान नहीं, जिसे भाजपा दुश्मन मानती है। वोट बैंक के लिए पाकिस्तान पर निशाना साधती है। उत्तर प्रदेश की स्थापना दिवस के दिन उनका यह संदेश दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका पाकिस्तान से प्यार का इजहार करने वाला बयान उनकी मानसिकता को दिखाता है। उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।




राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि कश्मीर के लोग हमारे भाई नहीं हैं? जिन कश्मीर के लोगों पर रोज पाकिस्तान की गोली चलती है, जो निर्दोष कश्मीरी पाकिस्तान से भेजे जाने वाले आतंकवादी हरकतों से मारे जाते हैं, क्या उनका जीवन, जीवन नहीं है? पात्रा ने कहा कि जो पाकिस्तान हर समय भारत के खिलाफ षड्यंत्र कर आतंकवादी हमला की कोशिश करता है, क्या भारत का दुश्मन नहीं है?


उन्होंने कहा कि जो जिन्ना से करे प्यार, वह पाकिस्तान से कैसे करे इन्कार? जिन्ना का नाम लेते हुए अखिलेश यादव चुनावी मैदान में उतरे थे और आज वह पाकिस्तान तक पहुंच गए हैं। जिन्ना को यूपी के चुनाव में लेकर अखिलेश यादव आये थे और अब पाकिस्तान को भी अखिलेश यादव ही चुनाव में लेकर आए हैं। योगी आदित्यनाथ सरकार विकास के मुद्दे पर चुनाव मैदान में उतरी है जबकि अखिलेश यादव जिन्ना और पाकिस्तान के सहारे चुनाव जीतना चाहते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर तुष्टीकरण की पराकाष्ठा का आरोप लगाया।


राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि अखिलेश यादव का बस चलता तो वह नाहिद हसन के साथ याकूब मेमन को भी उम्मीदवार बना देते। यह तो गनीमत रही कि याकूब मेमन को पहले ही फांसी हो चुकी है। वह कसाब को भी सपा का स्टार प्रचारक बना देते! अखिलेश ने आतंकवादियों को छुड़वाने के लिए कोर्ट में गुहार लगाई थी। अब समझ में आया कि अखिलेश पाकिस्तान को अपना असली दुश्मन क्यों नहीं मानते हैं।


उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश 73वां स्थापना दिवस मना रहा है। देश में उत्तर प्रदेश की छवि बदली है। इसे सुरक्षित और समृद्ध प्रदेश के रूप में बदलने में भाजपा की डबल इंजन सरकार कामयाब हुई है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश में 12वें स्थान से दूसरे स्थान और अर्थव्यवस्था में उत्तर प्रदेश देश में छठे से दूसरे स्थान पर आ गया है, जो बदलाव का प्रतीक है। भाजपा ने यूपी के छवि बदल दी है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने विकास को आधार बनाकर काम किया है।




उन्होंने कहा कि कल क्लब हाउस में दिग्विजय सिंह भारत के खिलाफ जहर उगल रहे थे और पाकिस्तान की हां में हां मिला रहे थे। दिग्विजय सिंह का देश के खिलाफ कुछ कहना आम बात नहीं है। कांग्रेस हमेशा से देश को अस्थिर करने की कोशिश करती है। कांग्रेसी पाकिस्तानियों की भाषा बोल रहे हैं। ऐसा लगता है कि कांग्रेस पाकिस्तान औऱ चीन से मिली हुई है।


उन्होंने कहा कि यह चुनाव भाजपा और सपा के एक्सप्रेस-वे के बीच है। भाजपा के एक्सप्रेस-वे :- गंगा एक्सप्रेस-वे, पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे हैं, जबकि सपा के गुंडई एक्सप्रेस-वे, रंगदारी एक्सप्रेस-वे और माफिया एक्सप्रेस-वे हैं। उत्तर प्रदेश की जनता ज्ञानवान और बुद्धिमान है, जो विकास को चुनेगी।


Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top