In Chitrakoot, Congress General Secretary Priyanka Gandhi spoke to the women - listen Draupadi, take up arms, now Govind will not come : चित्रकूट में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी महिलाओं से बोलीं-सुनो द्रौपदी शस्त्र उठा लो अब गोविंद ना आएंगे

0

  • कहा, महिला सुरक्षा के लिए बनेगा विशेष आयोग, मुकदमा लिखने में देरी पर पुलिस अफसर किए जाएंगे निलंबित
  • राजनीति में हिंसा-क्रूरता आ गई है, इसे खत्म करने के लिए महिलाओं को आगे आना होगा



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, चित्रकूट


मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने वनवास के दौरान उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में कामतानाथ स्वामी का आशीर्वाद लिया था। आज उसी धरती से कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए जनसंपर्क का आगाज किया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने चित्रकूट के रामघाट पर महिला संवाद में पार्टी की नौ प्रतिज्ञाओं को दोहराते हुए महिला सुरक्षा के लिए आयोग गठन करने का वादा महिलाओं से किया। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न का मामला 10 दिन में दर्ज नहीं करने वाले पुलिस अधिकारी निलंबित किए जाएंगे। छह सदस्यीय आयोग में सभी सदस्य महिलाएं होंगी, जिसमें दो पूर्व जज, दो एनजीओ से जुड़ी महिलाओं समेत विभिन्न कार्यक्षेत्र से होंगी। 




उन्होंने महिला शक्ति को जागृत करने के लिए कविता भी सुनाई। प्रियंका गांधी कहा- सुनो द्रौपदी शस्त्र उठा लो अब गोविंद ना आएंगे, कब तक आस लगाओगी तुम बिके हुए अखबारों से, कैसी रक्षा मांग रही हो दु:शासन के दरबारों से।




मध्य प्रदेश क्षेत्र के सतना जिला में पड़ने वाले चित्रकूट के मंदाकिनी तट के रामघाट पर नावों पर बनाए गए मंच पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू मौजूद रहे। मंच के सामने उत्तर प्रदेश की ओर रामघाट पर भी बड़ी संख्या में लोग प्रियंका गांधी को सुनने के लिए डटे हुए थे। प्रियंका ने खाद की लाइन में किसानों की मौत और आत्महत्या का जिक्र करते हुए प्रदेश की स्थिति को बेहद खराब बताते हुए प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि ऐसी पीड़ा से गुजरने वाले परिवार में सबसे ज्यादा महिलाओं को बोझ उठाना पड़ता है। इस सरकार में आमजन पर महंगाई का बोझ बढ़ा है, ढाई सौ रुपये में तेल बिक रहा है और एक हजार में सिलेंडर मिल रहा है।




प्रियंका गांधी ने महिला से सवाल करते हुए कहा कि इस सरकार ने महिलाओं को तोहफे में एक सिलेंडर देकर बाद में एक हजार में खरीदने के लिए छोड़ दिया। ऐसी सरकार को महिला शक्ति पहचान रही है और उन्हें आगे नहीं आने देना चाहती है। इसी तरह कोरोना काल में भी देखा होगा, पलायन करने वाले हैरान परेशान लोगों के लिए बसें नहीं थी, लेकिन अब 19 तारीख को प्रधानमंत्री मोदी बुंदेलखंड में आ रहे हैं तो उनके लिए लोगों को लाने के लिए बसें लगाई जा रही हैं। मैंने यहां देखा कि पानी की बहुत समस्या है, एक नल पर 10 परिवार निर्भर हैं। 


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि महिलाओं को आगे आने के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ता है। महिलाएं आगे नहीं आएंगी तो आगे नहीं बढ़ेंगी, इसीलिए विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत महिलाओं को होना चाहिए। महिला बेहतर समझ रखती है, चाहे कहीं भी काम करे, घर पर आकर महिला पूरी जिम्मेदारी से काम करती है। इसलिए एक महिला ही एक महिला के लिए बेहतर नीतियां बना सकती है, जबतक महिलाओं की पूरी भागीदारी नहीं मिलेगी तब तक ऐसा नहीं होगा। कहा, आधी आबादी है तो अभी पार्टी ने 40 प्रतिशत की भागीदारी से शरुआत की है। लोकसभा में आधी भागीदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जबतक हम खुद बदलने की नहीं ठानेंगे, तबतक बदलाव नहीं होगा। 


उन्होंने कांग्रेस पार्टी की नौ प्रतिज्ञाएं गिनाईं। कहा, किसानों का कर्जा माफ होगा, गेहूं और धान 2500 रुपये में खरीदा जाएगा और गन्ना किसान को चार सौ दिया जाएगा। प्रदेश में बिजली के बिल आधे किए जाएंगे, कोरोना काल में काम धंधा बंद होने वाले छोटे दुकानदारों और व्यापारियों के बिलों को माफ किया जाएगा। कोरोना के समय आर्थिक मार उठा चुके गरीब परिवारों को 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। बीस लाख सरकारी रोजगार कार्ड बनवाएंगे, जिसमें चालीस प्रतिशत महिलाओं को दिए जाएंगे। कार्ड के जरिए कोई भी बीमारी होगी तो दस लाख रुपये तक मुफ्त इलाज मिलेगा। छात्राओं को स्मार्ट फोन दिए जाएंगे, ताकि उसे आनलाइन कोर्सेस के जरिए पढ़ाई और सुरक्षा में मददगार होगा। किसी समस्या पर घर में तत्काल सूचना दे सकेंगी। 


उन्होंने कहा कि छात्राओं को स्कूटी देेने की प्रतिज्ञा करती हूं, इससे पढ़ाई करने के लिए दूर जाने में समस्या नहीं होगी। महिलाओं के लिए सरकारी बसों में फ्री यात्रा की सुविधा दी जाएगी। आरक्षित सरकारी पदों में महिलाओं के लिए 40 प्रतिशत का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत मिली कि विधवा पेंशन बहुत कम मिल रही है तो उसे एक हजार रुपये तक बढ़ाया जाएगा। आशा बहू और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का मानदेय 10 हजार रुपये प्रतिमाह होगा और अतिरिक्त कार्य का अलग से मेहनताना दिया जाएगा। प्रदेश में हर जिले में केंद्रीय विद्यालय की तर्ज पर सिर्फ लड़कियों के लिए 75 पाठशालाएं स्थापित होंगी, जहां पढ़ाई के साथ रोजगारपरक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। 


सवाल-जवाब के दौरान बोलीं-महिला कमीशन गठित होगा

एक महिला के सवाल पर उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न होने पर 10 दिन तक यदि एफआइआर दर्ज नहीं होती है तो दोषी पुलिस कर्मी को निलंबित किया जाएगा। इसके अलावा छह सदस्यीय महिला कमीशन का गठन किया जाएगा, जिसे में हर क्षेत्र से जुड़ी महिला सदस्य शामिल होंगी।


प्रियंका गांधी के चित्रकूट संबोधन के दौरान की झलक वीडियो में देखें :-




Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top