हाथरस की बेटी संग हुई घटना से देश शर्मसार

  • उत्तर प्रदेश में कांग्रेसियों का जगह-जगह विरोध-प्रदर्शन

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, कानपुर


हाथरस कांड को लेकर प्रदेश भर में कांग्रेस पार्टी विरोध प्रदर्शन कर रही है। इस कड़ी में शुक्रवार को शहर में जगह-जगह प्रदर्शन हुए। कांग्रेस जनों ने शहर के गुजैनी टेंपो स्टैंड से दबौली चौराहा तक गले में जंजीर लटका कर पैदल मार्च निकाला। 


प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दबौली चौराहे के पास रतनलाल नगर पुलिस ने कांग्रेसियों को हिरासत में लेकर गोविंद नगर थाने ले आई। 


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव विकास अवस्थी ने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि अपराधी बिल्कुल बेख़ौफ़ है। आज व्यापारी, महिलाएं और बेटियां कोई भी सुरक्षित नहीं है। 


हाथरस की बेटी साथ हुई घटना से पूरा देश शर्मसार हाे गया है। बिना स्वजन की जानकारी के ही पुलिस ने शव को जला दिया। सरकार से लेकर पुलिस और प्रशासन के रवैये की देशभर में निंदा हो रही है। 


सरकार ने लोगों से दुख बांटने का अधिकार तक छीन लिया है। इस दौरान पार्षद जेपी पाल, दीपू मिश्रा, अनुराग पाल, बृजेश तिवारी, अमित सिंह, दीपक कुमार मौजूद रहे।


महिला सुरक्षा में सरकार विफल : अभिषेक

बर्रा दो संकट मोचन मंदिर से पटेल चौक चौराहा तक यूथ कांग्रेस के नेताओं ने पैदल मार्च निकाला। अभिषेक मिश्रा ने बताया कि सरकार महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा नहीं कर पा रही और बातें पोस्टर लगाने की कर रहे हैं। बर्रा पुलिस ने कांग्रेसी नेता संजीव मिश्र, दिलीप पांडेय, प्रशांत निगम को हिरासत में ले लिया। 

Post a Comment

0 Comments