उत्तर प्रदेश : मॉर्निंग वॉक पर निकले बागपत के भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष की हत्या

  • मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने दोषियों के खिलाफ 24 घंटे में कार्रवाई के दिए निर्देश
  • अपराध नियंत्रण में विफल छपरौली थाना के प्रभारी निरीक्षक को किया गया निलंबित

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, बागपत

बेखौफ बदमाशों ने बागपत में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की गोली मारकर हत्या कर दी। मंगलवार सुबह वह अपने घर से तिलवाड़ा मार्ग पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। उनकी गोली मारकर हत्या की खबर मिलते ही इलाके में खलबली मच गई। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जांच कर दोषियों के विरुद्ध 24 घंटे में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस मामले में जवाबदेही भी तय करने के निर्देश हैं।

मुख्यमंत्री ने उनकी हत्या पर ट्वीट कर दुख भी जताया है। उधर, घटना के तत्काल बाद अपराध नियंत्रण में विफल प्रभारी निरीक्षक छपरौली दिनेश चिकारा को निलंबित कर दिया गया है।

बागपत जिले के छपरौली थाना क्षेत्र के तिलवाड़ा मार्ग पर मंगलवार सुबह माॅर्निंग वॉक पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर निकले थे। उनके घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक के खेत के पास उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के किसान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। हत्या की खबर से खलबली मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बढ़ते अपराध पर गुस्सा जाहिर किया। सूचना मिलते ही एएसपी अनित कुमार और सीओ आलोक कुमार मौके पर पहुंचे।


घटनास्थल पर जांच करती पुलिस की फिल्ड यूनिट।
घटनास्थल पर पहुंचे आइजी


हत्या की सूचना मिलते ही आईजी प्रवीण कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच गए। वहां का पूरा जायजा भी लिया। उन्होंने बताया आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई गईं हैं। प्रथम दृष्टया हत्या की वजह रंजिश लग रही है। पीड़ित परिवार से बात करके मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हत्या का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।


आरएसएस के थे पुराने स्वयंसेवक


पीएम मोदी का स्वागत करते खोखर। फाइल फोटो
छपरौली निवासी संजय खोखर आरएसएस के पुराने कार्यकर्ताओं में से एक थे। ककोर कला गांव के जूनियर हाईस्कूल में शिक्षक थे। मंगलवार सुबह अपने घर से तिलवाड़ा मार्ग पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। संजय खोखर वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के जिला अध्यक्ष थे। वह केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के करीबी थे।


प्रथम दृष्टया रंजिश का मामला लग रहा है। बदमाशों ने दो गोली मारी है। एक गोली सिर और दूसरी सीने में मारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • अजय कुमार सिंह, एसपी, बागपत।


Post a Comment

0 Comments