दोस्त साथ ले गए और मार डाला, जंगल में मिला शव

0

  • पहले फोन कर हाल पूछा, घर आकर साथ लेकर गया

शव मिलने पर जंगल पहुंचे परिवरीजन व ग्रामीण।
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, अमरोहा


बिकनी गांव में घर से दोस्तों के साथ गए किशोर का दूसरे दिन शव जंगल में मिला है। उसके दोस्तों ने साथ ले जाकर गला दबाकर मारने की बात स्वीकार की है। दोस्तों की निशानदेही पर देहात थाना क्षेत्र के जंगल में शव भी बरामद कर लिया है।

देहात थाना क्षेत्र के बिकनी गांव के किसान परम सिंह का पुत्र वरुण सोमवार को शाम को अपने दोस्त के साथ गया था। देर रात घर नहीं लौटा तो परिवरीजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने उसके दो दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मंगलवार देर शाम जंगल से उसका शव बरामद कर लिया। किसान परम सिंह के परिवार में पत्नी महेंद्री व तीन बच्चे हैं। इसमें एक बेटी आरती और दो बेटे वरुण व अंकित हैं। छोटे बेटे वरुण ने इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। सोमवार सुबह बगल के गांव अंबरपुर निवासी उसके दोस्त ने फोन कर वरुण के बारे में हाल-चाल पूछा। उसके बाद वह तीन बजे घर आया और वरुण को साथ लेकर चला गया। रात तक घर नहीं लौटने पर परिवारीजनाें ने तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। इस पर उसके परिवारीजनों ने अंबरपुर निवासी दोस्त पर वरुण को गायब करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। दोनों ने उसकी हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से वरुण का शव बरामद कर लिया है। उसका गला घोंटकर हत्या किए जाने का अनुमान लगाया जा रहा है। शरीर पर चोट के भी निशान मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीओ सिटी अजय कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपित दोस्तों से हत्या की वजह पता करने की कोशिश की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top