देश के सभी राजभवनों के सामने कांग्रेस का प्रदर्शन आज

  • राजस्थान में नहीं होगा प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा कैबिनेट ने संशोधित नोट
  • डिजिटल कैंपेन शुरू कर आमजन से लोकतंत्र की रक्षा करने की अपील की

प्रारब्ध न्यूज डेस्क


देश के सभी राजभवनों के बाहर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता सोमवार को प्रदर्शन करेंगे। हालांकि, पार्टी राजस्थान में राजभवन के बाहर प्रदर्शन नहीं करेगी। राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटसारा ने कहा, कि पार्टी देश के सभी राजभवनों के बाहर प्रदर्शन करेगी, लेकिन हम राजस्थान में ऐसा नहीं करेंगे। हमने राज्य कैबिनेट का संशोधित नोट राज्यपाल को भेजा है। उम्मीद है कि वह विधानसभा सत्र के लिए जल्द अनुमति प्रदान करेंगे।


उधर, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक डिजिटल कैंपेन शुरू कर आम अवाम से लोकतंत्र की रक्षा करने की अपील की है। 'स्पीक अप फाॅर डेमोक्रेसी' (#SpeakUpForDemocracy)नामक कैंपेन के बारे में राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश के जरिए यह बात कही है। इस कैंपेन को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि इस कार्यक्रम का संदेश आम जनता को भी समझना होगा। उन्हें भी समझना होगा जो हुकूमत में हैं। 

दूसरी ओर, कांग्रेस के चीफ व्हिप महेश जोशी ने कहा, 'हम अपने राष्ट्रव्यापी ऑनलाइन कैंपेन स्पीकअप फॉर डेमोक्रेसी की शुरुआत से पहले सोमवार को जयपुर के फेयरमॉन्ट होटल में सुबह 11 बजे एक बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राज्य कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे भी इसमें मौजूद रहेंगे।'

लोकतंत्र मजबूत हुआ तभी प्रधानमंत्री बन पाए नरेंद्र मोदी : गहलोत

राजस्थान में सियासी संकट के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने फिर केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया। कहा, आजादी के बाद कई प्रधानमंत्री बने और सभी ने लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया, लेकिन, आज देश का माहौल चिंताजनक है। 


गहलोत ने कहा कि आज चुनी हुई सरकारों को गिराने का काम किया जा रहा है। कर्नाटक में हुआ, उसके बाद मध्यप्रदेश और अब राजस्थान में भी कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि जिस लोकतंत्र को मजबूत करने में कई लोगों की जान गई, आज वही खतरे में है। 

गहलोत ने कहा, देश में लोकतंत्र मजबूत हुआ तभी नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन पाए। अगर देश का लोकतंत्र मजबूत नहीं होता और यहां भी पाकिस्तान जैसे हालात होते। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि यह बात नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी को समझने की जरूरत है। 

उन्होंने कहा, हमें आजादी मिली उसकी बहुत कीमत चुकानी पड़ी। उस कीमती आजादी की, आजादी के बाद में भी रक्षा की गई। पाकिस्तान की तरह भारत में सैनिकों का शासन नहीं हुआ। यहां 70 साल तक सरकारें बदलीं, कई प्रधानमंत्री आए कई चले गए, लेकिन सबने लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया।


राज्यपाल पर केंद्र के इशारे पर काम करने का आरोप

राज्य में सियासी उठापटक के बीच कांग्रेस ने रविवार को राज्यपाल कलराज मिश्र पर विधानसभा सत्र को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस ने मिश्र पर आरोप लगाया कि उन्होंने गहलोत सरकार की मांग पर 'सतही और प्रेरित' सवाल उठाकर 'लोकतंत्र को बाधित करने का सबसे खराब तरीका' अख्तियार किया है। कांग्रेस ने कहा कि सरकार विधानसभा में बहुमत साबित करना चाहती है, लेकिन राज्यपाल केंद्र सरकार के इशारे पर सदन का सत्र बुलाने और विश्वास मत में 'देरी' कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments