प्रारब्ध न्यूज़ ब्यूरो,लखनऊ
देश की सुरक्षा में अपना योगदान देने के बाद बैंकिंग क्षेत्र में सेवारत पूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक बैंकर्स कल्याण समिति की उत्तर प्रदेश इकाई के गठन हेतु लखनऊ के जियामऊ स्थित 'विश्व संवाद केन्द्र' में एक भव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि श्री धीरेंद्र सिंह और अन्य वरिष्ठ पूर्व सैनिक बैंकर्स द्वारा माँ भारती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन और सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुई।
घटती प्रासंगिकता और ट्रेड यूनियनों के बिखराव पर चिंता
सम्मेलन के प्रारंभ में समिति के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद राठौर ने वर्तमान श्रम कानूनों के परिप्रेक्ष्य में भूतपूर्व सैनिक बैंकर्स की ट्रेड यूनियनों के लगातार हो रहे बिखराव और उनकी घटती प्रासंगिकता पर गहरी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आज के समय में राष्ट्रीयकृत, ग्रामीण, निजी बैंकों के साथ-साथ गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (NBFC) में कार्यरत जल, थल, वायु सेना और अर्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त सैनिकों के लिए एक सशक्त मंच की बेहद जरूरत है।
"भूतपूर्व सैनिकों के लिए एक ऐसे सशक्त, पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक संगठन की आवश्यकता है, जो उनके सेवा संबंधी, कार्मिक, सामाजिक एवं कल्याणकारी हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सके।"
— आनंद राठौर, राष्ट्रीय अध्यक्ष
पारदर्शी संविधान और न्यूनतम आर्थिक योगदान का लक्ष्य
श्री राठौर ने समिति के मुख्य उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि संगठन का लक्ष्य एक ऐसा अखिल भारतीय मंच तैयार करना है:
1-जिसका संविधान पूरी तरह से पारदर्शी और व्यावहारिक हो।
2-जिसमें सदस्यों का आर्थिक योगदान न्यूनतम (Mininum) रखा जाए, ताकि हर एक सदस्य की सहभागिता सुनिश्चित हो सके और संगठन जमीनी स्तर पर मजबूत बने।
इन महत्वपूर्ण विषयों पर हुआ जोरदार मंथन
सम्मेलन के दौरान दो मुख्य सत्रों में पूर्व सैनिक बैंकर्स ने अपनी बात पुरजोर तरीके से रखी:
विषय 1: नये श्रम कानूनों के परिप्रेक्ष्य में छोटी-छोटी पूर्व सैनिक बैंकर्स ट्रेड यूनियन्स के अस्तित्व पर मंडराते खतरे।
प्रमुख वक्ता: धीरेंद्र सिंह, आनंद राठौर, मृगांक श्रीवास्तव, संजय राय, विकास रावत, संतोष कुमार, राजेश तिवारी, आशुतोष पाठक और विशाल निगम।
विषय 2: भू.पू. सैनिक बैंकर्स के कल्याण के लिये पैरेन्टल यूनियनों के साथ समन्वय हेतु पूर्व सैनिक बैंकर्स कल्याण समिति की आवश्यकता।
प्रमुख वक्ता: राजेश जायसवाल, आलोक कुमार, चन्द्रजीत सिंह, योगेश दीक्षित, रीतेश श्रीवास्तव, अनुराग पाण्डेय, विनीत पाण्डेय और राजमणि उपाध्याय।
संजय राय चुने गए उत्तर प्रदेश इकाई के नए अध्यक्ष
प्रस्तावित संविधान पर विस्तृत चर्चा और विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से एक बड़ा निर्णय लिया गया। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) प्रयागराज में कार्यरत श्री संजय राय को उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष चुना गया है।
0 Comments
if you have any doubt,pl let me know