लखनऊ के नवयुग कन्या महाविद्यालय में युवा दिवस पर पुरस्कार वितरण समारोह और संगोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्य वक्ता कौशल किशोर ने 'पंच परिवर्तन' के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
नवयुग कन्या महाविद्यालय में युवा दिवस पर पुरस्कार वितरण और संगोष्ठी का आयोजन
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ
स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने और युवा शक्ति को सही दिशा देने के उद्देश्य से राजेंद्र नगर स्थित नवयुग कन्या महाविद्यालय में पुरस्कार वितरण समारोह एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) लखनऊ पश्चिम और महाविद्यालय के अहिल्याबाई होलकर सांस्कृतिक क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
मुख्य वक्ता और विशिष्ट अतिथियों का संबोधन
मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के अवध प्रांत के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए 'पंच परिवर्तन' के पांच प्रमुख स्तंभों की विस्तृत व्याख्या की गई। इसमें कुटुम्ब प्रबोधन पर परिवार में संस्कारों की महत्ता और सामाजिक समरसता में भेदभाव रहित समरस समाज के निर्माण की बात कही गई। इसके साथ ही स्वदेशी से आत्मनिर्भरता के साथ साथ स्वदेशी जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया गया। वहीं, पर्यावरण संरक्षण में वृक्षारोपण और प्लास्टिक मुक्ति का संकल्प दिलाया। साथ ही नागरिक कर्तव्य की चर्चा करते हुए अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण की बात कही गई।
वहीं, कौशल किशोर ने कहा कि परिवार की बात, परिवार के साथ होनी चाहिए। जब संस्कारों का उदय होगा, तभी पारिवारिक विघटन रुकेगा।
वहीं, विशिष्ट वक्ता के रूप में अपर महाधिवक्ता कुलदीप पति त्रिपाठी ने कहा कि युवा उस कली के समान हैं, जिन्हें यदि सही दिशा मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने आज के दौर में जीवन जीने की कला सीखने को सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
विजेता छात्राओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान युवा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
प्रतियोगिताएं : पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन और भाषण प्रतियोगिता।
खेल रत्न : नगर खेल कुंभ के अंतर्गत डी.ए.वी. कॉलेज के विरुद्ध आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जीत हासिल करने वाली नवयुग कन्या महाविद्यालय की टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
प्राचार्या का संदेश और भविष्य की योजना
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. मंजुला उपाध्याय ने अध्यक्षीय भाषण में वक्ताओं के विचारों की सराहना की। उन्होंने घोषणा की कि इन विषयों पर छात्राओं को और अधिक जागरूक करने के लिए शीघ्र ही विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन प्रो. सीमा पांडेय द्वारा किया गया।
इनकी रही कार्यक्रम में उपस्थिति
इस अवसर पर संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख महानगर मंत्री सरिता, महानगर उपाध्यक्ष प्रवीन, प्रांत संगठन मंत्री अंशुल, विभाग प्रचारक अनिल, विभाग संगठन मंत्री पुष्पेन्द्र बाजपेई, जिला संगठन मंत्री नवीन आजाद दुबे, सचिन, हेमंत उपाध्याय और ज्ञानेंद्र रहे।
समापन : कार्यक्रम के अंत में सरिता पांडे ने धन्यवाद ज्ञापन किया। फिर 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गान देशभक्तिपूर्ण वातावरण में हुआ। कॉलेज की सभी शिक्षिकाओं और छात्राओं ने इस आयोजन में अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
पुरस्कार वितरण समारोह
विभिन्न प्रतियोगिताओं की विजेता छात्रों को पुरस्कार दिया गया। उनमें भाषण, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताएँ प्रमुख रहीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मुस्कान मिश्रा, द्वितीय स्थान जीनत व तृतीय स्थान प्राची तिवारी ने प्राप्त किया।
पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आस्था गौतम, द्वितीय स्थान निकिता सिंह व तृतीय स्थान पर मुस्कान शर्मा रहीं।
स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राची तिवारी, द्वितीय स्थान जीनत बानो व तृतीय स्थान आस्था गौतम ने प्राप्त किया।
नगर खेल कुंभ खेल प्रतियोगिता
नगर खेल कुंभ के तहत अंतर महाविद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में नवयुग कन्या महाविद्यालय को प्रथम स्थान व डीएवी कॉलेज को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। इन्हें भी पुरस्कृत किया गया।

0 Comments
if you have any doubt,pl let me know