वाराणसी में नमो शक्ति रथ का शुभारंभ, महिलाओं के लिए निःशुल्क स्तन कैंसर स्क्रीनिंग। 20 मोबाइल वैन से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में होगी जांच।

नमो शक्ति रथ को रवाना करते मुख्य अतिथि।
महिलाओं के स्वास्थ्य को सशक्त बनाने की दिशा में वाराणसी ने एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाया है। प्रधानमंत्री की प्रेरणा और “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” के विज़न को साकार करने के उद्देश्य से बुधवार को मंडलायुक्त सभागार, वाराणसी से “नमो शक्ति रथ” का भव्य शुभारंभ किया गया। यह पहल महिलाओं में स्तन कैंसर की समय पर पहचान और निवारक देखभाल को ज़मीनी स्तर तक पहुँचाने के लिए शुरू की गई है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं आईटीवी के संस्थापक डॉ. कार्तिकेय शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, आईटीवी फाउंडेशन की डॉ. ऐश्वर्या पंडित, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।राज्यसभा सांसद डॉ. कार्तिकेय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से वाराणसी में महिलाओं के लिए स्तन कैंसर स्क्रीनिंग की यह पहल एक मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना स्वस्थ परिवार से संभव है और स्वस्थ परिवार की नींव स्वस्थ महिला पर टिकी होती है। वर्तमान समय में देश में प्रतिवर्ष लगभग 9 लाख लोगों की मृत्यु कैंसर से होती है, जिनमें बड़ी संख्या स्तन कैंसर से पीड़ित महिलाओं की है। ऐसे में 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की नियमित स्क्रीनिंग अत्यंत आवश्यक है।डॉ. शर्मा ने जानकारी दी कि आईटीवी फाउंडेशन द्वारा वाराणसी जनपद के लिए कुल 20 “नमो शक्ति रथ” उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें से 9 रथ ग्रामीण क्षेत्रों और 11 रथ शहरी क्षेत्रों में संचालित किए जाएंगे। इन मोबाइल वैनों के माध्यम से ग्रामीण ग्राम सभाओं और नगरीय वार्डों में जाकर महिलाओं की निःशुल्क स्क्रीनिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से महिलाओं को पूर्व सूचना देकर जांच के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इस अभियान से जुड़ सकें।
जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार का आधार होती है। यदि घर की महिला बीमार होती है, तो पूरा परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से प्रभावित होता है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की झिझक या संकोच को दूर कर इस अभियान से जुड़ें और समय पर अपनी स्क्रीनिंग कराएं।
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने कहा कि समाज की आधी आबादी महिलाएं हैं और बदलती जीवनशैली के कारण कैंसर जैसी गंभीर बीमारियाँ बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि नमो शक्ति रथ में स्तन कैंसर स्क्रीनिंग के लिए अत्याधुनिक तकनीक से लैस मशीन लगाई गई है, जो बिना किसी दर्द और बिना शरीर के संपर्क के शुरुआती वैस्कुलर बदलावों की पहचान करने में सक्षम है। यह तकनीक शुरुआती स्तर पर बीमारी की पहचान कर जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि इस पहल के तहत महिलाओं को निःशुल्क स्तन कैंसर स्क्रीनिंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। नमो शक्ति रथ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों की ग्राम सभाओं और शहरी क्षेत्रों के वार्डों में जाकर महिलाओं की जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाएगी, बल्कि महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएगी।
कार्यक्रम के अंत में राज्यसभा सांसद डॉ. कार्तिकेय शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और आईटीवी फाउंडेशन की डॉ. ऐश्वर्या पंडित ने विधिवत पूजन कर 20 नमो शक्ति रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल वाराणसी जनपद में महिला-केंद्रित निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।


0 Comments
if you have any doubt,pl let me know