UP Big Breaking : प्रदेश में पानी माफिया पर चला FSDA का डंडा, 164 वाटर प्लांट बंद!

UP FSDA Raid Packaged Water यूपी में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर इकाइयों पर बड़ा एक्शन! FSDA ने 522 प्लांट पर छापेमारी कर 164 के लाइसेंस निलंबित किए। जानें पूरी खबर और जांच के आंकड़े।


यूपी में मिलावटी पानी के खिलाफ 'सर्जिकल स्ट्राइक': 164 वाटर प्लांट सील, 522 पर छापेमारी

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 

उत्तर प्रदेश में जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाली पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर इकाइयों पर योगी सरकार ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीमों ने प्रदेश भर में एक साथ छापेमारी की है। अचानक हुई इस कार्रवाई से पानी के कारोबारियों में हड़कंप मचा गया है। कार्रवाई के दौरान मानकों की अनदेखी करने वाली 164 इकाइयों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उन्हें बंद करने का आदेश दिया गया है।

आयुक्त के निर्देश पर गठित हुईं 'इंटर-डिस्ट्रिक्ट' टीमें

FSDA आयुक्त के कड़े रुख के बाद, इस बार स्थानीय स्तर के बजाय 'अंतरजनपदीय' (Inter-district) टीमों का गठन किया गया था। इसका उद्देश्य पारदर्शिता बनाए रखना और स्थानीय साठगांठ को खत्म करना था। इन टीमों ने प्रदेश भर में कुल 522 पैकेज्ड वाटर प्रसंस्करण इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस बड़े एक्शन से अवैध और असुरक्षित पानी बेच रहे सिंडिकेट में खौफ का माहौल है।

छापेमारी में मिलीं चौंकाने वाली जानकारी 

छापेमारी के दौरान जो आंकड़े सामने आए हैं, वे चौंकाने वाले हैं। जांच के दौरान 140 इकाइयां ऐसी थीं जो टीम के पहुंचने से पहले ही बंद पाई गईं या वहां काम रुका हुआ था। वहीं, चल रहीं 382 इकाइयों से कुल 387 सैंपल एकत्र किए गए हैं। उन पानी के सैंपल को राजकीय प्रयोगशालाओं में शुद्धता की जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा 104 इकाइयों को छोटी कमियों के आधार पर 'सुधार नोटिस' जारी किया गया है। 164 इकाइयों में अनियमितताएं और गंदगी पाई गई। उनका लाइसेंस रद कर व्यवसाय बंद करने का आदेश दिया गया।

वर्ष 2025 के पुराने नमूनों पर भी गिरेगी गाज

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल वर्तमान छापों तक सीमित नहीं रहेगी। वर्ष 2025 में जिन इकाइयों के पानी के नमूने जांच में 'असुरक्षित' (Unsafe) पाए गए थे, उनके लाइसेंस भी अब निलंबित किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य "जीरो टॉलरेंस" नीति के तहत बाजार से असुरक्षित पेयजल को पूरी तरह खत्म करना है।

जनता के लिए भी चेतावनी

FSDA ने नागरिकों से अपील की है कि वे आईएसआई (ISI) मार्क और वैध लाइसेंस नंबर वाली बोतलें ही खरीदें। यदि किसी ब्रांड के पानी के स्वाद या शुद्धता पर संदेह हो, तो तुरंत विभाग के पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

#Lucknow Breaking News, #Mineral Water License Suspended, #Food Safety UP Action, #यूपी वाटर प्लांट छापेमारी।

Post a Comment

0 Comments