लखनऊ में सिंध यूथ क्लब सोसाइटी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित। दर्पण लखमानी बने अध्यक्ष। युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट और सिंधी संस्कृति संरक्षण का लिया संकल्प। पूरी रिपोर्ट यहाँ पढ़ें। Sindh Youth Club Society Lucknow, Darpan Lakhmani President.
राजधानी लखनऊ के कृष्णा नगर में सिंध यूथ क्लब सोसाइटी के एक नए युग का सूत्रपात हुआ। संस्था द्वारा नवनियुक्त कार्यकारिणी के लिए आयोजित 'शपथ ग्रहण समारोह' एवं 'प्रथम जनरल बॉडी मीटिंग' न केवल गरिमामय रही, बल्कि सिंधी समाज की एकता और भविष्य की नई दिशा को परिभाषित करने वाली भी सिद्ध हुई। कार्यक्रम में समाज के समग्र उत्थान और युवाओं को संगठनात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के संकल्प को दोहराया गया।
नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण
समारोह में दर्पण लखमानी ने औपचारिक रूप से संस्था के अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। उनके साथ अमर अठवानी ने महामंत्री (जनरल सेक्रेटरी) के रूप में पदभार संभाला। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने पदाधिकारियों को पद की गोपनीयता और समाज सेवा के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।
समारोह में प्रमुख विभूतियां रहीं उपस्थिति
इस आयोजन में आध्यात्मिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों का सानिध्य प्राप्त हुआ, जिनमें साईं हरीश लाल (शिव शांति संत असुदाराम आश्रम), कौशल जी (प्रांत प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ), नानक चंद लखमानी (पूर्व राज्य मंत्री), प्रशांत भाटिया (विशेष संपर्क प्रमुख, संघ), संस्था के संरक्षक डॉ. अनिल चंदानी एवं निवर्तमान अध्यक्ष तरुण संगवानी शामिल रहे।
लेखा-जोखा प्रस्तुत, नई टीम को जिम्मेदारी
पुरानी टीम ने जहां संगठन की अब तक की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। वहीं, नई टीम को भविष्य की चुनौतियों एवं जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्राथमिकता : सेवा, संगठन और संस्कृति
पदभार ग्रहण करने के बाद अपनी पहली अध्यक्षता में दर्पण लखमानी ने स्पष्ट किया कि उनका कार्यकाल "सेवा, संगठन और संस्कृति" के त्रि-सूत्रीय एजेंडे पर आधारित होगा। उन्होंने कहा कि सिंधी संस्कृति का संरक्षण और युवाओं को शिक्षा एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए शीघ्र ही 'युवा हेल्पलाइन' और 'स्किल डेवलपमेंट सेंटर' की स्थापना करेंगे।
सामाजिक सरोकारों से जुड़ेंगे युवा
महामंत्री अमर अठवानी ने आगामी वर्ष का विस्तृत रोडमैप प्रस्तुत करते हुए कहा कि सिंध यूथ क्लब सोसाइटी केवल सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित नहीं रहेगी। संस्था सक्रिय रूप से रक्तदान शिविर, मेधावी छात्र सम्मान समारोह और कौशल विकास जैसे जमीनी कार्यों के माध्यम से समाज के हर तबके तक अपनी पहुंच बनाएगी।
बैठक के मुख्य निर्णय
डिजिटल सिंधी अभियान : सिंधी भाषा और लिपि को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए एक व्यापक डिजिटल कैंपेन शुरू किया जाएगा।
बिज़नेस नेटवर्किंग : युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए 'बिजनेस कनेक्ट' सत्र आयोजित होंगे।
संस्कार शिविर : वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव का लाभ लेते हुए बच्चों के लिए मूल्य-आधारित प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन।
सहभागिता और आभार
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष ऋषि राज, पवन लखमानी, पंकज राय चंदानी, राकेश सेहता, सुधामचंद चंदवानी, श्रीचंद साहित्या, धर्मेंद्र जगवानी सहित कार्यकारिणी के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में युवा शक्ति उपस्थित रही। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन तरुण संगवानी ने किया और अंत में अमर अठवानी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

0 Comments
if you have any doubt,pl let me know