PM Awas Yojana-Urban 2.0 : यूपी के 2.09 लाख लाभार्थियों के खाते में पहुँचे 2,094 करोड़ रुपये

उत्तर प्रदेश में PM Awas Yojana-Urban 2.0 के तहत नया कीर्तिमान। सीएम योगी ने 2.09 लाख लाभार्थियों को ₹2,094 करोड़ की पहली किस्त जारी की। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ 

उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री के 'सबके लिए पक्का आवास' के संकल्प को पूरा करने की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 (PMAY-U 2.0) के तहत दो लाख लाभार्थियों को पहली किस्त का डिजिटल हस्तांतरण किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से 2,094 करोड़ रुपये 2.09 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे (DBT) ट्रांसफर किए। इस अवसर पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा भी उपस्थित रहे, जबकि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

हर गरीब को छत देना सरकार की प्राथमिकता

​नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्राथमिकता देश के हर नागरिक को पक्का आवास देना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत से विकसित भारत की यात्रा में हमारे नगरों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश आज प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में नए भारत का नया यूपी बनकर उभर रहा है।

नगरीय प्रबंधन और स्वच्छता में यूपी की बड़ी छलांग

​श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ-साथ प्रदेश की नगरीय स्वच्छता रिपोर्ट भी साझा की। उन्होंने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में यूपी ने अभूतपूर्व प्रदर्शन किया है।

लखनऊ का जलवा : देश के शीर्ष तीन स्वच्छतम बड़े शहरों में पहली बार लखनऊ ने अपनी जगह बनाई है।

​टॉप रैंकिंग : देश के शीर्ष 10 स्वच्छ शहरों में लखनऊ और आगरा शामिल हैं, जबकि शीर्ष 25 में प्रदेश के 7 नगरों ने स्थान प्राप्त किया है।

​कूड़े के पहाड़ों का अंत : लखनऊ के घैला और शिवरी जैसे इलाकों में वर्षों से जमा कूड़े के ढेरों को समाप्त कर वहां 'यूपी दर्शन पार्क' जैसे सुंदर स्थलों का निर्माण किया गया है।

​वैश्विक पहचान : गाजियाबाद को 'ब्लूमबर्ग ग्लोबल सिटीज' सूची में 50वां स्थान मिलना यूपी की बढ़ती नगरीय साख का प्रमाण है।

​PMAY-U 1.0 में भी नंबर वन रहा उत्तर प्रदेश

​मंत्री एके शर्मा ने जानकारी दी कि योजना के पहले चरण (PMAY-U 1.0) में उत्तर प्रदेश ने देश में सर्वाधिक 17 लाख से अधिक आवास शहरी गरीबों को उपलब्ध कराए थे। अब योजना 2.0 के तहत एक साथ 2,094 करोड़ रुपये की राशि जारी करना अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।

​कार्यक्रम के अंत में सभी लाभार्थियों को उनके नए घर के स्वप्न के साकार होने पर बधाई दी। इस अवसर पर प्रदेश भर से जनप्रतिनिधि और नागरिक वर्चुअली जुड़े रहे।

#PM Awas Yojana Urban 2.0, #मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, #एके शर्मा, #उत्तर प्रदेश आवास योजना, #स्वच्छ भारत मिशन, #नगरीय विकास यूपी।

Post a Comment

0 Comments