लखनऊ में एनयूजे उत्तर प्रदेश की कार्यकारिणी बैठक में वरिष्ठ पत्रकार के. बख्श सिंह को कार्यवाहक अध्यक्ष नामित किया गया। बैठक में ट्रस्ट बनाने वालों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर सभी की सदस्यता समाप्त करने का निर्णय लिया।
प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ
राजधानी लखनऊ के होटल द कॉन्टिनेंटल में रविवार को नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई। इस बैठक में सर्वसम्मति से वरिष्ठ पत्रकार के. बख्श सिंह को संगठन का कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष नामित किया गया।
बैठक में प्रदेश कार्यसमिति के साथ-साथ प्रदेश के अधिकतर जिला इकाइयों के अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्षों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पत्रकार हितों और संगठन की गरिमा को लेकर कई कड़े फैसले लिए गए।ट्रस्ट विवाद पर बड़ी कार्रवाई: तीन मुख्य प्रस्ताव पारितबैठक के दौरान संगठन की एकता को प्रभावित करने वाले 'ट्रस्ट' के मुद्दे पर तीखी चर्चा हुई। सदन ने सर्वसम्मति से तीन प्रमुख प्रस्ताव पारित किए। एनयूजे उत्तर प्रदेश के सुचारू कार्य संचालन के लिए के. बख्श सिंह को कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।
निंदा प्रस्ताव : ट्रस्ट डीड रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया और इसमें शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।सदस्यता समाप्ति : स्पष्ट निर्णय लिया गया कि जो लोग ट्रस्ट के पदाधिकारी हैं, वे अब 'एनयूजे उत्तर प्रदेश' के सदस्य नहीं रहेंगे।वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शनबैठक का निर्देशन संरक्षक अजय कुमार, अशोक अग्निहोत्री 'ताऊ' एवं के. बख्श सिंह ने किया, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री संतोष भगवन ने किया। मंच पर प्रदेश कोषाध्यक्ष अनुपान चौहान भी रहे।
संरक्षक अजय कुमार ने संगठन को नई दिशा देने की बात कही ।कहा कि हम पुरानी लकीर मिटाने में नहीं, बल्कि नई और बड़ी रेखा खींचने में विश्वास रखते हैं। के. बख्श सिंह संगठन के हनुमान हैं, जो पत्रकारों की समस्याओं का समाधान करने में सक्षम हैं। वहीं, नवनियुक्त कार्यवाहक अध्यक्ष के. बख्श सिंह ने कहा कि वे सदस्यों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
ट्रस्ट से पत्रकारिता को नुकसान
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष हिमांशु सिंह ने ट्रेड यूनियन की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि पत्रकार साथी किसी भी निजी ट्रस्ट को मान्यता नहीं देंगे। उन्होंने इसे संगठन के लिए 'अमृत मंथन' बताया। प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अतुल मोहन सिंह ने संगठन में समानता और सभी पदाधिकारियों को उचित सम्मान देने की वकालत की।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हरीश सैनी ने स्पष्ट किया कि संगठन को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं, संरक्षक एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. अरविंद सिंह ने आश्वासन दिया कि विवाद की जड़ बने नवगठित ट्रस्ट को जल्द खत्म किया जाएगा।
आगामी चुनावों की घोषणा
संगठन की शक्ति को बनाए रखने के लिए जल्द ही प्रदेश इकाई के चुनावों की घोषणा की जाएगी। ये चुनाव केंद्रीय पर्यवेक्षक और चुनाव अधिकारी की देखरेख में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न होंगे।
लखनऊ इकाई ने किया भव्य स्वागत
लखनऊ की कार्यवाहक जिलाध्यक्ष मीनाक्षी वर्मा, महामंत्री श्यामल त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष अभिनव श्रीवास्तव और संगठन मंत्री अनिल सिंह के नेतृत्व में स्थानीय इकाई ने प्रदेश पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर रोनाल्ड डिसूजा, सचिन भार्गव, धीरेन्द्र मिश्र, किरण सिंह सहित कई वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।
विशेष नोट : इस दौरान मंच पर केक काटकर प्रयागराज के सदस्य मनोज कुमार का जन्मदिन भी मनाया गया।






0 Comments
if you have any doubt,pl let me know