Prayagraj: माघ मेला; मंत्री एके शर्मा ने कहा- श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्राथमिकता, अफसरों को दिए निर्देश

यूपी के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने माघ मेला 2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने रेहड़ी-पटरी वालों के संरक्षण, भीड़ प्रबंधन और पेयजल-बिजली व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए।

प्रयागराज के आईट्रिपलसी में बैठक करते मंत्री एके शर्मा।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, प्रयागराज 

उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोमवार को प्रयागराज के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) में माघ मेला क्षेत्र की तैयारियों की गहन समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा शासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान मंत्री ने मेला क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, रैन बसेरों की उपलब्धता और ठंड से बचाव के लिए अलाव की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी बुनियादी सेवा के लिए भटकना न पड़े।

"रेहड़ी-पटरी वाले ही त्योहार की आत्मा", अतिक्रमण के नाम पर न हटाएं

​मंत्री ने संवेदनशील निर्देश देते हुए कहा कि रेहड़ी-पटरी वाले मेले और त्योहारों की आत्मा होते हैं। उन्हें अतिक्रमण के नाम पर अनावश्यक रूप से न हटाया जाए। प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए आजीविका और व्यवस्था के बीच संतुलन बनाना चाहिए।

​मकर संक्रांति पर 1.5 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना

​मेलाधिकारी ऋषिराज ने बैठक में बताया कि 10 जनवरी तक लगभग एक करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। 14 जनवरी (मकर संक्रांति) को करीब डेढ़ करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। 14 से 18 जनवरी के बीच भीड़ के अत्यधिक दबाव को देखते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

​स्वास्थ्य और सुरक्षा के इंतजाम

​मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दी गई जानकारी के अनुसार, त्रिवेणी और गंगा नाम से दो बड़े अस्पताल स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 80 एम्बुलेंस और 12 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्रिय हैं। अब तक 31,651 ओपीडी पंजीकरण किए जा चुके हैं। सुरक्षा के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम, अग्निशमन दल और साइबर क्राइम सेल को अलर्ट पर रखा गया है।

​भीड़ प्रबंधन और साइनेज

​मंत्री ने निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में स्पष्ट साइनेज (Signage) लगाए जाएं, ताकि यात्रियों को घाटों, चिकित्सा केंद्रों और अन्य सुविधाओं तक पहुँचने में आसानी हो। उन्होंने आईट्रिपलसी (ICCC) का निरीक्षण कर भीड़ पर सतत निगरानी रखने के भी निर्देश दिए। बैठक में विशेष सचिव नगर विकास सत्य प्रकाश पटेल, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी शंभू कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments