Lucknow : तैलीक साहू महासभा की बैठक में संगठन की मजबूती और राजनीतिक भागीदारी पर जोर

तैलिक साहू महासभा की मासिक बैठक को संबोधित करते मुख्य अतिथि रामलाल गुप्ता।

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ

उत्तर प्रदेश तैलिक साहू महासभा की मासिक बैठक हजरतगंज दारुलशफा के ए ब्लॉक के कॉमन हाल में संपन्न हुई। इसकी अध्यक्षता महासभा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व राज्य मंत्री सिद्ध गोपाल साहू ने की। इसके मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल गुप्ता थे। सर्वप्रथम समाज की देवी मां कर्मा देवी के चित्र पर माल्यार्पण करके बैठक प्रारंभ की गई।

बैठक में शामिल महासभा के सदस्य।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में तेली समाज की सबसे बड़ी आबादी है, लेकिन उस अनुपात में समाज में राजनैतिक भागीदारी शून्य है। संगठन के पदाधिकारीयों को अधिक से अधिक सदस्यता पर जोर देना चाहिए। समाज के लोग संगठन से जुड़ेंगे वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सिद्ध गोपाल साहू के नेतृत्व में संगठन मजबूत होगा ऐसा मुझे विश्वास है। उनके नेतृत्व में राजनीतिक भागीदारी तेली समाज को अवश्य मिलेगी।

प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व राज्य मंत्री सिद्ध गोपाल साहू ने कहा कि हमारे संगठन में संघर्षशील लोग हैं, जो प्रदेश में संगठन की सदस्यता को अधिक से अधिक करने के लक्ष्य को प्राप्त करेंगे और संगठन को मजबूत करेंगे। जब संगठन मजबूत होगा, तब हमारा समाज भी मजबूत होगा।

प्रदेश तैलिक समाज के वरिष्ठ नेता अजय पाल राठौर ने कहा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हमारा संगठन अभी कमजोर है हम वहां पर संगठन को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी व पदाधिकारी अगर तीन मीटिंग में लगातार नहीं आते हैं तो उनकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। समाज के लोगों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए। तभी समाज के लोग हमारे साथ जुड़ेंगे और इससे संगठन भी मजबूत होगा।

तैलिक महासभा के प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष दिलीप साहू ने कहा कि समाज के लोगों को संगठित होना चाहिए और समाज के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़ के भागीदारी निभाना चाहिए। ऐसा करने से ही राजनीतिक भागीदारी मिलना संभव है। उत्तर प्रदेश का तेली समाज जागरूक नहीं है। जागरूक न होने के कारण ही हम लोग राजनीतिक भागीदारी से वंचित हैं। इसके लिए जरूरी है कि हम लोग चुनाव के समय दल नहीं अपने समाज के व्यक्ति के चेहरों को देखना चाहिए। उसे ही तन मन धन से सहयोग करते हुए राजनीति में आगे बढ़ाने के लिए तैयार रहना होगा। तभी हम लोग राजनीति में आगे बढ़ सकते हैं।

इंजीनियर अविनाश साहू ने कहा कि समाज के सभी संगठनों का एक समन्वय हो और हम सब एक होकर आगे राजनीतिक भागीदारी प्राप्त करना होगा। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाज के बाहुल क्षेत्रों से समाज के लोगों को चुनाव लड़ाना चाहिए। इसके लिए समाज के लोगों को तन मन धन से सहयोग करते हुए अपने व्यक्ति को चुनाव लड़ाना चाहिए। उसका साथ देना चाहिए, तभी हम लोग राजनीति में अपना मुकाम हासिल कर सकते हैं।

बैठक को बलिया के रामजी गुप्ता, सुरेश गुप्ता, बहोरन साहू, महेंद्र साहू, प्रमोद गुप्ता, उमाशंकर साहू, राजेश कुमार साहू, एडवोकेट सनी राठौर, मोहन गुप्ता , इंद्र कुमार गुप्ता, एडवोकेट ओम प्रकाश साहू, आदि ने संबोधित किया। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री श्याम कृष्ण गुप्ता व श्यामलाल उर्फ पप्पू राठौर ने किया। इस अवसर पर बलिया के मोहन गुप्ता को महासभा का प्रदेश सचिव एवं बलिया के सुरेश कुमार गुप्ता को महासभा बलिया का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

Post a Comment

0 Comments