Amethi : चकबंदी कार्यालय की दूरी से परेशान मंगौली के किसान, डीएम से कार्यालय स्थानांतरण की मांग


प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, अमेठी

जिले के जगदीशपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम मंगौली के किसानों ने सहायक चकबंदी अधिकारी (ACO) जगदीशपुर प्रथम के कार्यालय की मौजूदा स्थिति को लेकर विरोध शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने कार्यालय की दूरी और वहां के माहौल के बारे में नाराजगी जताई है। उन्होंने इसे एक सुलभ स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग उठाई है।  

सहायक चकबंदी अधिकारी जगदीशपुर प्रथम का कार्यालय। 

दूरी और यातायात की कमी बनी बाधा  

किसानों का कहना है कि चकबंदी प्रक्रिया के तहत सुझाव देने, नकल प्राप्त करने और अन्य जरूरी सरकारी कामों के लिए उन्हें बार-बार कार्यालय जाना पड़ता है। यह कार्यालय ग्राम सभा मंगौली से 10 किलोमीटर से अधिक दूर, औद्योगिक क्षेत्र के पास सिंदुरवा गांव में एक शराब की दुकान के बगल में स्थित है। मुख्य मार्ग से दूर होने से यहां तक पहुँचने के लिए यातायात की व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं है।  

माहौल और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल  

ग्रामीणों ने ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि कार्यालय के पास शराब की दुकान होने से वहां का माहौल खराब है। इस कारण ग्रामीण महिलाएं नकल या अन्य अभिलेख लेने के लिए वहां जाने में असुरक्षित महसूस करती हैं। इसके अलावा, अधिकारियों के क्षेत्र में होने पर किसानों को बिना काम कराए ही लौटना पड़ता है, जिससे समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है।  

इन जगहों पर कार्यालय शिफ्ट करने की मांग  

किसानों ने जिलाधिकारी अमेठी को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि इस कार्यालय को सिंदुरवा रोड से हटाकर निम्नलिखित में से किसी एक स्थान पर शिफ्ट किया जाए। उसमें जगदीशपुर का डाक बंगला व ब्लॉक कार्यालय और जगदीशपुर कस्बा का कोई अन्य सार्वजनिक स्थल प्रमुख हैं।

ज्ञापन देने वाले प्रमुख ग्रामीण 

ज्ञापन देने वालों में राम गोपाल तिवारी, अशोक कुमार पाण्डेय, हर्ष कुमार पाण्डेय, देवानंद पाण्डेय, देवराज शुक्ला, भान दत्त पाण्डेय, राम प्रगट शुक्ला, अमरबहादुर, रामतीरथ, शिव बरन, गंगा प्रसाद समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही ये कदम नहीं उठाया गया, तो चकबंदी प्रक्रिया बाधित होगी और किसान का आक्रोश बढ़ेगा।

Post a Comment

0 Comments